काशीपुर: नेता हो हल्ला करते रहे गए, अफसरों ने सुबह होते ही खुलवा दिया ओवरब्रिज

काशीपुर: नेता हो हल्ला करते रहे गए, अफसरों ने सुबह होते ही खुलवा दिया ओवरब्रिज

काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर में सात सालों से बन रहा ओवरब्रिज खोलने को लेकर खूब हो हल्ला हुआ है। भाजपा व कांग्रेसी नेताओं में ओवरब्रिज खुलवाने की होड़ सी लगी रही। यहां तक कि भाजपाईयों ने पुल को जबरन खोलकर मिठाई तक बांट दी। कांग्रेसी भी ओवरब्रिज पर घंटों बैठे। अफसरों ने नेताओं के उठने से पहले ही ओवरब्रिज पर यातायात चालू करा दिया। इससे एनएच, प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की लोग तारीफ करते दिखे।

ओवरब्रिज का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हालांकि दो साल में पुल निर्माण के काम में सात साल लगा दिए। ओवरब्रिज को यातायात के लिए खोलने की तिथि स्पष्ट नहीं थी। लेकिन भाजपा और कांग्रेसी के नेता तिथि देते रहे। तर्क दिया कि संबंधित अधिकारियों से वार्ता हो गई है। यही वजह है कि 15 अप्रैल को भाजपा नेताओं ने ओवरब्रिज को जबरन खुलवा दिया।

वहां अफसर मौजूद नहीं रहे। कुछ दिन दोपहिया वाहनों के लिए ओवरब्रिज खुलवाने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों ने बंद करा दिया। इसके बाद जसपुर के कांग्रेसी विधायक ओवरब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने अगले दिन ओवरब्रिज को खोलने का ऐलान कर दिया। कांग्रेसियों के घंटों पुल पर बैठने के बाद भी कोई अधिकारी नहीं आया। किरकिरी होने के बाद आश्वासन पर कांग्रेसी लौटे।

गुरुवार की सुबह चार बजे ही ओवरब्रिज पर काम कर रहे कर्मी व अधिकारी पुल पर एकत्रित हो गए। एनएच के ईई प्रवीन कुमार ने बताया कि मानकों के अनुसार ही ओवरब्रिज को खोला गया है। सुबह सात बजे यातायात शुरू करा दिया गया। अब किसी भी दशा में यातायात को रोका नहीं जाएगा। बताया कि ओवरब्रिज पर यातायात संचालन के दौरान एसडीएम अभय प्रताप सिंह, एसपी सिटी अभय सिंह आदि मौजूद रहे।

रोड मार्किंग का काम आज से होगा शुरू

एनएच के ईई प्रवीन कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज पर रोड मार्किंग, संकेत चिन्ह आदि का काम आज यानी शुक्रवार से शुरू हो जाएगा। कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने की वजह से ही ओवरब्रिज का काम लगभग पूरा होने को है। उन्होंने बताया कि भारी वाहनों के लिए भी पुल को खोलने पर विचार चल रहा है।

रामनगर रोड पर बन रहे ओवरब्रिज पर शुरू हुआ काम

रामनगर रोड पर भी ओवरब्रिज का काम हो रहा है। एनएच के ईई प्रवीन कुमार ने बताया कि फ्लाइओवर में स्लीपें डल चुकी है। अब ओवरब्रिज बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। बताया कि जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा।