हल्द्वानी: समस्या का नाम कांग्रेस, समाधान में विश्वास करती है भाजपा : योगी आदित्यनाथ

हल्द्वानी: समस्या का नाम कांग्रेस, समाधान में विश्वास करती है भाजपा : योगी आदित्यनाथ

हल्द्वानी, अमृत विचार। ‘भाजपा समस्या नहीं समाधान पर विश्वास करती है। समस्या का नाम तो कांग्रेस है जिसने जीवन भर देश को समस्या दीं। देश का विभाजन, आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार ये सभी समस्याएं कांग्रेस की देन है।

कांग्रेस ने इतनी समस्याएं दे दीं कि इसके समाधान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा नेतृत्व मिला और 10 वर्ष में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। यह बदलता भारत वैश्विक मंच पर 140 करोड़ देशवासियों को सम्मान दे रहा है’ यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही।

शनिवार को एमबी इंटर कॉलेज में विजय संकल्प रैली में सीएम योगी आदित्यनाथ ने नैना मैय्या, नंदा मैय्या, शीतला मैय्या को नमन करते हुए संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की इस पावनधरा जिसने प्राकृतिक सुंदरता के कारण न केवल परमात्मा को आकर्षित किया बल्कि कई महापुरुष भी दिए।

जिस धरती ने उप्र के पहले मुख्यमंत्री पं. जीबी पंत, पं. एनडी तिवारी, हेमवती नंदन बहुगुणा को जन्म देकर उप्र को यशस्वती नेतृत्व प्रदान किया हो, इस देवभूमि को नमन करते हैं। आज बैसाखी का भी पावन पर्व है, बैसाखी के साथ ही खालसा पंथ का स्थापना दिवस भी है। गुरु गोविंद सिंह ने वर्ष 1699 में हिंदू धर्म की रक्षा के लिए खालसा पंथ की स्थापना की थी।

तब उन्होंने कहा था कि ‘इस सकल जगत में खालसा पंथ गाजे जगे भर हिंदू सकल भंड भाजे’। जब धर्म की रक्षा के लिए चार पुत्र का बलिदान हो गया तब उन्होंने कहा था ‘देश धर्म के वास्ते वार दिए सुत चार, चार गए तो क्या हुआ जीवित कई हजार’। ऐसी परंपरा को नमन करते हुए सिख बंधुओं को बैसाखी की बधाई देता हूं।

योगी ने कहा कि यहां कंकड़-कंकड़ में शंकर है, हर स्थल पवित्रता के भाव से भरपूर है। बचपन में पानी भरने को दो-तीन किमी पैदल जाना पड़ता था सीएम ने कहा कि जब उत्तराखंड का जवान सीमा पर सुरक्षा करता है तब पूरा देश निश्चिंतता के साथ सोता है। सीमा पर जवान खड़ा है, जवान के पीछे सरकार खड़ी है।

आज देश में अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो रहा है। हाईवे, रेलवे, मेट्रो, रैपिड ट्रेन, आईआईटी, एम्स, वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। उत्तराखंड में पहले 100 में से 9 घर में पानी नहीं आता था। उनका बचपन यहां बीता, तब दो-तीन किमी पैदल चलकर पानी भरना पड़ता था। हर घर जल योजना में 100 में 100 घरों में पानी पहुंच गया है। कांग्रेस खाना पकाने के लिए मिट्टी का तेल तक नहीं दे पाती थी, आज उज्जवला योजना में रसोई गैस मिल रही है। 

आजादी के बाद देश का स्वर्णिम काल प्रधानमंत्री मोदी के 10 वर्ष 
प्रधानमंत्री मोदी ने समाधान का रास्ता निकाला है। गरीब कल्याण, विकास, आस्था का सम्मान, राष्ट्रीय सुरक्षा संप्रभुता, वैश्विक मंच पर सम्मान मिला है। आजादी के बाद देश का स्वर्णिम काल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 वर्ष हैं, इन वर्षों में भारत ने जिन ऊंचाइयों को छुआ हैं, उनमें तेजी आनी है इस तेजी के लिए उन्हें तीसरा कार्यकाल भी चाहिए।

कश्मीर में धारा 370 से आतंकवाद की देन कांग्रेस की देन है। प्रधानमंत्री ने इस बीमारी को जड़ से खत्म कर दिया है। एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान को समाप्त किया। तीन तलाक की समाप्त किया। कांग्रेस को पीड़ा हो रही है कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू की जबकि स्वागत होना चाहिए। हर नागरिक के लिए एक समान कानून होना चाहिए। उत्तराखंड में यह काम बहुत पहले होना चाहिए था लेकिन इसे करने के लिए हिम्मत होनी चाहिए। कांग्रेस देश की आस्था को भी सम्मान नहीं दे पाती। 

आज अयोध्या में ऐसा लगता है कि प्रभु राम का समय जीवंत हो गया
अयोध्या को इन्होंने विवादित किया। ये लोग चाहते नहीं थे कि अयोध्या का समाधान हो। एक समय ऐसा आया कि जब कांग्रेस सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र दिया कि श्रीराम और कृष्ण हुए ही नहीं। इससे बड़ी गाली सनातन धर्मावलंबियों को दूसरी नहीं हो सकती कि इनके देवी देवता हुए ही नहीं। हमने राम कृष्ण के अस्तित्व को स्वीकार किया और आस्था से जोड़कर अयोध्या में राम मंदिर के भव्य निर्माण किया। ऐसा लगता है कि त्रेता युग साक्षात अयोध्या में आ गया है।

प्रभु राम का समय फिर से जीवंत हो गया है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, काशी विश्वनाथ धाम, प्रयागराज सभी तीर्थों को उसी रूप में सजाने संवारने का काम किया। ऐसे ही उत्तराखंड में केदारनाथ बद्रीनाथ धाम पूरी आस्था के साथ सौंदर्यीकरण को भाजपा नई पहचान के साथ देश दुनिया में प्रस्तुत कर रही है । चारधाम की सफलता भाजपा सरकार की देन है। 

बेटी और व्यापारी के लिए खतरा बनेगा, जेल जाएगा या जहन्नुम
उन्होंने कहा कि उप्र में किसान, युवा, महिला की सुरक्षा की बात हो तो कोई संकट नहीं हो। संकट उन्हीं लोगों को है जो भ्रष्टाचारी औरदुराचारी हैं। बेटी और व्यापारी के लिए जो कभी खतरा थे, अब उन्हीं पर संकट है। हमने साफ किया है उप्र में बेटी और व्यापारी की सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा तो उसके लिए दो ही जगहें जेल और जहन्नुम होंगी खुद तय कर ले कहां जाना है। उप्र में 7 वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ व कोई कफर्यू नहीं लगा। कांवड यात्रा हर हर-बम बम के साथ निकलती है। वर्ष 2017 से पहले यात्रा में बमबाजी होती थी। अब बमबाजी नहीं हर-हर बम बम होता है। 

अपराधियों को इस लायक नहीं छोडूंगा कि देवभूमि को अपवित्र कर सको
प्रधानमंत्री मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता में उत्तराखंड रहा है। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के संबंध को कोई अलग नहीं कर सकता। जब उत्तराखंड की नदियों का पानी आता है तब उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में सहायक होता है। यह एक दूसरे से पूरी तरह रचे बसे हैं इसलिए कभी कभी अपराधियों को गफलत होती है कि उत्तर प्रदेश में अपराध कर उत्तराखंड भाग जाएंगे। हमारा कहना है कि अपराधी को इस लायक ही मत छोड़ो कि उस पार जा पाए। मैं अपराधियों को उस लायक छोडूंगा ही नहीं कि देवभूमि को अपवित्र कर सके। 

विकास और समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री मोदी का तीसरा टर्म जरूरी
विकास और समृद्धि की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने के लिए तीसरा कार्यकाल जरूरी है। उत्तराखंड में सीएम धामी के नेतृत्व में विकास हो रहा है। ऐसे ही अजय भट्ट ने केंद्र में रक्षा व पर्यटन राज्यमंत्री के रूप में विकास की ढेर सारी योजनाएं नैनीताल व ऊधम सिंह नगर को दी हैं। वह यूपी में भी रूचि लेते हैं। यूपी में डिफेंस कॉरिडोर बन रहा है। आज डिफेंस उत्पादन में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। पहले रक्षा आपूर्ति के लिए दुनिया पर निर्भर रहता पड़ता था, अब देश में ही इकाइयां उत्पाद दे रही हैं बल्कि दुनिया को भी दे रहे हैं। पहले नेतृत्व का अभाव था,देश के बारे में सोच नहीं थी। जाति, धर्म, तुष्टिकरण की राजनीति होती थी यह जो परिवर्तन मिला है आपके एक वोट ने किया है। वोट गलत हाथ में जाता था देश को बर्बादी की ओर ले जाता था। एक वोट भाजपा को दिया देश का कायाकल्प हो गया। नए भारत, एक भारत श्रेष्ठ भारत के दर्शन हो रहे हैं ग्लोबल पावर के रूप में देश को उभरते हुए देख रहे हैं। यह हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि हम यह देख रहे हैं।

जहां जनता का हित होता है, वहीं खड़ा होता है उत्तराखंड 
 उत्तराखंड तो राष्ट्रवाद, राष्ट्रधर्म के साथ होता है जहां भारत की जनता के हित में जो होगा उत्तराखंड वहीं होगा। प्रधानमंत्री मोदी को तीसरा कार्यकाल देने के लिए संकल्पबद्ध है पीएम मोदी का तीसरा कार्यकाल पहले तीन वर्षों में भारत को तीसरी आर्थिक शक्ति बनाने, युवाओं को रोजगार देने, महिलाओं की समृद्धि, किसानों की खुशहाली, व्यापारियों की रखवाली के जरूरी होगा।

पांच कमलों का हार प्रधानमंत्री मोदी के गले में डाल दीजिए
पर्वों की धूम है, घर-घर जाइए मोदी का प्रतिनिधि बनकर आश्वस्त करिए किसी भी चीज की चिंता नहीं करनी है। एक-एक व्यक्ति को मतदान के लिए प्रेरित करना है। उत्तराखंड की पांच सीटें जिताकर पांच कमलों का हार मोदी के गले में डाल देगा तो पूरा देश तैयार बैठा है। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा उम्मीदवार अजय भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, राम सिंह कैड़ा, डॉ. मोहन बिष्ट आदि मौजूद रहे।