रुद्रपुर: विदेशी पर्यटकों को लेकर कश्मीर गए चालक को मारी गोली, घायल

रुद्रपुर: विदेशी पर्यटकों को लेकर कश्मीर गए चालक को मारी गोली, घायल

रुद्रपुर, अमृत विचार। विदेशी पर्यटकों को कश्मीर लेकर पहुंचे रुद्रपुर के कैब चालक पर उस वक्त आतंकियों ने गोलीबारी कर दी। जब वह रेस्टोरेंट पर खाना खा रहा था। गोलीबारी में कैब चालक को तीन गोलियां लगी और घायल को आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने सर्जरी कर चालक की जान बचाई। चालक की हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से आजमगढ़ व हाल निवासी गांव कीरतपुर के दिलरंजीत सिंह पिछले आठ सालों से अपने परिवार के साथ रहते हैं और कैब चालक हैं। अपने मृदुभाषी व्यवहार के कारण विदेशी पर्यटकों से दिलरंजीत का अच्छा व्यवहार है। बताया जा रहा है कि 20 मार्च को जर्मन के विदेशी पर्यटकों की कॉल आने पर कैब चालक एवं गाइड दिलरंजीत दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा और विदेशी पर्यटकों को बैठाकर कश्मीर के लिए रवाना हो गया था।

बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम साढ़े आठ बजे वह दक्षिण कश्मीर के शोपिया स्थित एक रेस्टोरेंट में पर्यटकों के साथ खाना खा रहे थे। अचानक नकाबपोश आतंकियों ने चालक को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर अफरातफरी मच गई और आवाज सुनकर गश्त कर रहे सेना के जवानों ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। जिसे देखकर आतंकी फरार हो गए और कैब चालक को तीन गोलियां लग चुकी है। घायल अवस्था में चालक को कश्मीर के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सर्जरी के बाद कैब चालक खतरे से बाहर है।  

कई बार हो चुके हैं कैब चालकों पर हमले

भारतीय कैब चालकों का हमेशा विरोधी रहे द रेजिस्टेंस फ्रंट संगठन लश्कर का मुखौटा संगठन है जो हमेशा बाहरी कैब चालकों और विदेशी पर्यटकों का शोपियां आने का विरोध करता रहता है। यही कारण है कि इससे पहले भी पंजाब के दो युवकों की गोली मारकर हत्या का मामला भी सामने आया था। इसके अलावा कई बार कैब चालकों पर हमले होते रहते हैं। इसी कारण रुद्रपुर के कैब चालक को निशाना बनाते हुए आतंकियों ने गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया।

पूर्व विधायक का करीबी है कैब चालक

गांव कीरतपुर का रहने वाला कैब चालक एवं गाइड दिलरंजीत सिंह पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल का करीबी है। बुधवार को गोली लगने की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक के भाई संजय ठुकराल समर्थकों के साथ गांव पहुंचे और घायल चालक की पत्नी से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश सरकार से घायल कैब चालक को आर्थिक सहायता देने की मांग की। उनका कहना था कि चालक की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और घायल होने के बाद उपचार में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों को नहीं गोलीकांड की भनक

कश्मीर के शोपियां में रुद्रपुर के कैब चालक पर हुए गोलीकांड की भनक जिले के किसी भी अधिकारी को नहीं है। जब इस संबंध में पूर्व विधायक ठुकराल ने अधिकारियों से वार्ता की तो सभी ने अनभिज्ञता जताई और मामले की जानकारी लेने की बात कही। जिस पर ठुकराल ने डीएम से घायल चालक की मदद करने की बात कही।