रामपुर : बढ़ी तपिश, अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचा, पिछले 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है गर्मी

मौसम वैज्ञानिक जता रहे अब लू चलने के आसार,  पहाड़ी इलाकों में भी इस बार तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने का अनुमान

रामपुर : बढ़ी तपिश, अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंचा, पिछले 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ सकती है गर्मी

रामपुर, अमृत विचार। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस वर्ष की गर्मी पिछले 50 वर्ष की गर्मी का रिकार्ड तोड़ सकती है। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से लू चलने के आसार हैं। सभी प्रकार की खड़ी फसल में उचित नमी बनाए रखने के लिए हल्की सिंचाई करें। रामपुर में पारा लगातार चढ़ रहा है, शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया। 

मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि अप्रैल से जून के बीच गर्मी खूब रहेगी। मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी इलाकों में भी इस बार तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने का अनुमान है। मौसम का अब तक का मिजाज देखें तो अप्रैल में औसत तापमान 29 डिग्री रहता है लेकिन इस साल अप्रैल के शुरुआती दिनों में तापमान 32 से 36 डिग्री रहा। शुक्रवार को तापमान 34 डिग्री और शनिवार को 36 डिग्री सेल्सियस तक तक पहुंच गया। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है मई और जून में तापमान 45 डिग्री को पार कर सकता है। 

मामूली सी लापरवाही कई बीमारियों का बना सकती है शिकार
आयुर्वेद के डा. अनीस अहमद बताते हैं  इस मौसम में थोड़ी सी भी लापरवाही  कई बीमारियों का शिकार बना सकती है। गर्मी से बचने का सबसे अच्छा तरीका है मौसमी सब्जियां और फल खाए जाएं। खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा, टमाटर में काफी पानी होता है इसलिए इन्हें अपने खाने का हिस्सा बनाएं। कहते हैं कि गर्मियों में मसालेदार और तले हुए खाने से बचें और गरम मसाला तो बिलकुल नहीं खाएं। अगर खाना ही है तो इलायची और सौंफ जैसे ठंडे मसालों का इस्तेमाल कर सकते हैं। गर्मी के दिनों में छाछ और रसदार फलों का सेवन करें साथ ही पुदिना और प्याज खाएं। 

धूप से आने के बाद तुरंत पानी नहीं पीना चाहिए
डा. कुलदीप चौहान बताते हैं तेज धूप से चेहरे पर रैश और इंफेक्शन भी हो जाता है। नमी और गर्मी में हर तरह की त्वचा फीकी पड़ जाती है लेकिन अगर आपकी स्किन ऑयली है तो दिक्कतें ज्यादा बढ़ जाती हैं। इसलिए गर्मियों में चेहरे को साफ रखना जरूरी होता है। सूरज की तेज किरणों से त्वचा को बचाने लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना जरूरी है। कड़ी धूप और गर्मी में कम से कम आठ से दस ग्लास पानी पिएं।  बाहर जाते समय अपने साथ पानी की बोतल भी लेकर चलें। पानी के अलावा रसीले फल संतरा तरबूज, अंगूर या नारियल पानी, बेल का शरबत आदि से अपने शरीर को ताजा रख सकते हैं। सन बर्न या रैश के लिए दही, एलोवेरा स्किन पर लगाएं  इससे त्वचा को ठंडक मिलती है। इसके अलावा गुलाब जल, मुल्तानी मिट्टी भी चेहरे को गर्मियों में तरो ताजा रखते हैं। अगर गर्मी में बाहर जाना हो तो संतरे का जूस और नारियल पानी पीते रहें। अगर शरीर में पानी की कमी हो जाए तो थोड़ा सा नमक और चीनी मिला कर पानी पीएं। धूप से आने के बाद तुरंत पानी नहीं पिएं। 

हाल-ए-मौसम

  • अधिकतम तापमान - 36 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान- 17 डिग्री सेल्सियस
  • आद्रता- 26 प्रतिशत
  • वायु वेग- 13 किमी. प्रतिघंटा

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में 10 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने और तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी के आसार हैं। गेहूं की पकी फसल की कटाई के लिए उपयुक्त समय है। गन्ना और चारे की फसल में हल्की सिंचाई कर उचित नमी बनाए ररखें। -डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक,  कृषि विश्वविद्यालय मेरठ

ये भी पढ़ें : संभल : हाईटेंशन लाइन से टच हुआ केबल तो जले उपकरण, मासूम झुलसी