देहरादून: अब एक और झटका, तीन दिन में आठ बड़े नेताओं के इस्तीफे से कांग्रेस में हड़कंप

देहरादून: अब एक और झटका, तीन दिन में आठ बड़े नेताओं के इस्तीफे से कांग्रेस में हड़कंप

देहरादून, अमृत विचार। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक झटके मिल रहे हैं। आज भी टिहरी से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके विरष्ठ नेता धन सिंह नेगी और बदरीनाथ विधायक राजेंद्र सिंह भंडारी ने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया। पिछले तीन दिन में आठ बड़े नेताओं के इस्तीफे से पार्टी में हड़कंप मचा हुआ है।

शुक्रवार को ही गंगोत्री के पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण और पुरोला के पूर्व विधायक मालचंद ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। फिर शनिवार को पार्टी का चर्चित चेहरा माने जाने वाली नेता कांगेस नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं ने इस्तीफा दे दिया। पौड़ी से कांग्रेस के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था।

वहीं, विकासखंड कोट के पूर्व प्रमुख व कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नवल किशोर ने भी कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया। इसके अलावा पौड़ी ब्लॉक प्रमुख दीपक कुकसाल ने भी कांग्रेस छोड़ दी। बहरहाल कांग्रेस की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं ऐसे हालातों में अब कांग्रेस कैसे उबर पाती है यह देखने वाली बात होगी।