मुरादाबाद: सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा गुरुवार, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री

अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा, ठंड से ठिठुरा जनजीवन

मुरादाबाद:  सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा गुरुवार, न्यूनतम तापमान 4 डिग्री

मुरादाबाद, अमृत विचार। इस सीजन का सबसे ठंडा दिन गुरुवार रहा। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सूर्यदेव का दर्शन न होने से बढ़ी गलन ने जनजीवन को ठिठुरा दिया। पूरे दिन गलन से लोग कांप गए।

बुधवार को खिली धूप से जहां लोगों को ठंड से राहत मिली, वहीं अगले ही दिन गुरुवार की ठंड कंपाने वाली रही। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान सिर्फ 4 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता 70 प्रतिशत और आठ किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली ठंडी हवा ने लोगों को ठिठुरा दिया। लोग हीटर, ब्लोअर के सहारे ठंड दूर करने में लगे रहे। चिकित्सक भी लोगों को ठंड से बचने की सलाह दे रहे हैं।

 जिला अस्पताल के फिजिशियन डा. रामकिशोर का कहना है कि ठंड के चलते अस्पताल में बुखार, कोल्ड डायरिया, निमोनिया के मरीजों की संख्या अधिक रही। मरीजों को इलाज के साथ ठंड से बचने की सलाह दी है। सुबह खुले में टहलने न जाएं। बहुत जरूरी होने पर ही अलसुबह या देर शाम या रात को घर से बाहर निकलें। बुजुर्गों को इस ठंड में और सावधानी बरतने की जरूरत है। हृदयरोगी चिकित्सक की सलाह से दवा का नियमित सेवन करें। रक्तचाप की जांच कराते रहें। हीटर, ब्लोअर चलाते समय घर की खिड़की थोड़ा खुला रखें। गुनगुना पानी पिएं। गंभीर बीमारियों के मरीज अपनी दवा बंद न करें।

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के सेवानिवृत्त हेड एंड प्रोफेसर मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि अभी चार पांच दिन शीतलहर जारी रहने से न्यूनतम तापमान ऐसे की रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आने तक यह क्रम बना रहेगा। ठंडी हवाओं से गलन और ठिठुरन बनी रहेगी। गलन बरकरार रहेगी।

एक सप्ताह के तापमान की स्थिति

तारीख                      अधिकतम तापमान          न्यूनतम तापमान

11 जनवरी               14 डिग्री सेल्सियस            4 डिग्री सेल्सियस
10 जनवरी               17 डिग्री सेल्सियस            6 डिग्री सेल्सियस
9 जनवरी                 16 डिग्री सेल्सियस            7 डिग्री सेल्सियस
8 जनवरी                 16.5 डिग्री                       6.7 डिग्री सेल्सियस
7 जनवरी                 16 डिग्री सेल्सियस            7 डिग्री सेल्सियस
6 जनवरी                 16 डिग्री सेल्सियस            7.8 डिग्री सेल्सियस
5 जनवरी                 15.6 डिग्री सेल्सियस         7.9 डिग्री सेल्सियस

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : ई लॉटरी से अनुदान पर कृषि यंत्र के लिए 112 किसानों के टोकन चयनित

ताजा समाचार