रायबरेली: सर्दी से राहत की उम्मीद कम, पाला पड़ने से किसान परेशान
साइक्लोनिक सर्कुलेश से बिगड़ रहा मौसम

रायबरेली। सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से मौसम में बड़ा बदलाव आया है। कोहरा घना पड़ रहा है तो साथ ही बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। रात के समय पाला पड़ रहा है जिससे भोर पहल जानलेवा सर्दी पड़ रही है। वहीं आलू की फसल को बहुत अधिक नुकसान हो रहा है। आलू की फसल में रोग लग रहे हैं।
गुरुवार को भी जिले में कड़ाके की सर्दी पड़ी। लगातार चार दिनों से मौसम खुल नहीं रहा है। सुबह घना कोहरा पड़ रहा है तो दोपहर में धूंध छाई रहती है। साथ ही बदली भी बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सर्दी सितम सरीखी लग रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से मैदानी भागों में सर्दी का जोर बढ़ गया है। अभी मौसम के इसी तरह के बने रहने के आसार हैं।
हालांकि तापमान में बहुत अधिक कमी नहीं है लेकिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का ग्रास रेट कम है जिस कारण सर्दी अधिक पड़ रही है। गलन बहुत अधिक बढ़ गई है। नमी का प्रतिशत तेजी से बढ़ रहा है। हाल यह है कि कमरों में एसी जैसी ठंडक मिल रही है।
लोग सर्दी से बचने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों का उपयोग कर रहे हैं।गुरुवार को सुबह 11 बजे तक घना कोहरा पड़ा और उसके बाद कोहरा हल्का हुआ लेकिन पूरे दिन धूप नहीं निकली। रात में पाला पड़ने से भोर पहर की सर्दी जानलेवा हो गई है। पाला पड़ने से किसानों के माथे पर चिंता की लीकर खिंच रही हैं।
आलू की फसल को इससे अधिक नुकसान होने की संभावना है। आलू को फंफूदी रोग लगने लगा है। किसानों को गर्म राख खेत में डालने की सलाह दी गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के विशेषज्ञ अजय मिश्रा का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरा पड़ेगा और तापमान में भी गिरावट दर्ज हो सकती है।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 8 डिग्री का अंतर
जब कभी भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर 10 डिग्री के नीचे होता है तो मौसम का प्रभाव बहुत अधिक होता है। गर्मी में यह स्थिति अधिक गर्मी की स्थिति उत्पन्न करती है तो सर्दी में यह अधिक सर्दी देती है। इस समय दोनों तापमान में 10 डिग्री से कम का अंतर है। इस कारण सर्दी अधिक पड़ रही है। जबकि तापमान औसत से बहुत अधिक कम नहीं है लेकिन इनका अनुपात है वह बहुत कम है।
यह भी पढ़ें: बहराइच: बिल्ली ने घर में सो रहे बालक को नोंचकर किया घायल, हड़कंप