नैनीताल: अग्निकांड में घायल महिला को एक्स-रे की सुविधा नहीं मिलने पर नाराजगी 

नैनीताल: अग्निकांड में घायल महिला को एक्स-रे की सुविधा नहीं मिलने पर नाराजगी 

नैनीताल, अमृत विचार। जनहित संस्था के शिष्टमंडल ने अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में डा. बेला साह से जिला अस्पताल में पहुंचकर उनका हाल-चाल जाना। वह गत दिनों कमलासन कंपाउंड में हुए अग्निकांड के दौरान घायल हो गई थीं। संस्था के संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट को पीड़ित पक्ष की ओर से बताया गया कि चिकित्सालय के दोनों एक्सरे मशीन खराब पड़े हैं तथा चिकित्सालय में तैनात दोनों फिजीशियन अवकाश पर चल रहे हैं।

डा. बेला साह का एक्स-रे परिवारजनों की ओर से प्राइवेट अस्पताल में कराया गया। इन सभी समस्याओं व अव्यवस्थाओं को जनहित संस्था ने बेहद गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में जिला अस्पताल की प्रभारी पीएमएस डा. द्रौपदी गर्व्याल से मुलाकात की। उन्हें इन सभी समस्याओं से अवगत कराया गया।

प्रभारी डा. गर्व्याल को यह भी बताया गया कि पर्ची के लिए वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउन्टर खोला जायें व पर्ची का निर्धारित शुल्क लिया जाए। इस सम्बन्ध में प्रभारी को यह भी बताया गया कि इस चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं को लेकर याचिका हाईकोर्ट में वर्तमान में चल रही हैं। इस दौरान जनहित संस्था संरक्षक जगमोहन सिंह बिष्ट्र, अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, महासचिव अशोक साह, कोषाध्यक्ष महेश आर्य, दिव्या साह, सिद्धार्थ सिंह बिष्ट व राकेश आदि मौजूद रहे।