मुरादाबाद: वैवाहिक बंधन में बंधे दो हजार से अधिक जोड़े, जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

बुद्धि विहार के ग्राउंड में सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम आयोजित किया गया

मुरादाबाद: वैवाहिक बंधन में बंधे दो हजार से अधिक जोड़े, जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत शनिवार को बुद्धि विहार के मैदान में सामूहिक विवाह समारोह आयोजन का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया। नगर विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, गोपाल अंजान, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह, सदर ब्लाक प्रमुख मनीष कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र गौतम आदि ने सामूहिक विवाह में वर और वधु को आशीर्वाद दिया। उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।

एक पंडाल के नीचे दो हजार से अधिक जोड़ों का विवाह और निकाह विधि विधान से मंत्रोच्चार और कुरान पाक की आयतों को पढ़कर जोड़ों को एक दूजे के संग परिणय सूत्र बंधन में बांधा जा रहा है। उनके परिवार के सदस्यों को भी कार्यक्रम में शामिल कराया गया। शादी के बाद उन्हें गृहस्थ जीवन के उपयोगी सामग्री भी उपहार में दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह ने कहा कि शुभ मुहूर्त में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत ऐसे आयोजन का संकल्प मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार अपने कार्यकाल में करा रही है। उन्होंने कहा कि विवाह बंधन में बंधने के बाद जीवन में सभी सुख दुख साथ निभाने को गृहस्थ जीवन में कदम रखने वाले जोड़ों के सुखमय जीवन की प्रार्थना और कामना है।

नव दंपतियों को विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने आशीर्वाद दिया। जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने नव विवाहित जोड़ों के सुखमय जीवन की प्रार्थना कर सभी को बधाई दी। कहा कि आने वाला समय जीवन में सुख समृद्धि लेकर आए यही शुभकामनाएं हैं। विवाहित जोड़ों को शादी के बाद सुखमय गृहस्थ जीवन के लिए सरकार की ओर से 35,000 रुपये वधुओं के खाते में आनलाइन माध्यम से भेजा गया। आयोजन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना,  एडीएम नगर ज्योति सिंह, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, पीडी सतीश प्रसाद मिश्रा, सुनील कुमार धनवंता आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: अब जालसाज अपना रहे ‘मीशो’ का फार्मूला, 17,000 ठगे