रुद्रपुर: यात्रियों की भीड़ के आगे बेबस नजर आया रोडवेज प्रबंधन

रुद्रपुर, अमृत विचार। दीपावली पर पर्व मनाने जाने वाले यात्रियों की अचानक रोडवेज स्टेशन पर भीड़ उमड़ पड़ी। इससे डिपो प्रबंधन के हाथ पांव फूलने लगे और रोडवेज प्रबंधन बेबस नजर आया। इस दौरान सबसे अधिक भीड़ बरेली, पीलीभीत और टनकपुर मार्ग में सबसे अधिक दिखायी दी। एक-एक सीट के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ी। किसी तरह स्टेशन डिपो प्रबंधन ने बसों के फेरे बढ़ाकर यात्रियों को गंतव्य स्थानों को रवाना किया और राहत की सांस ली।
शुक्रवार को धनतेरस के दिन सभी कार्यालय खुलने और निजी संस्थान खुलने के कारण यात्रियों की भीड़ थोड़ी कम रही। वहीं शनिवार की सुबह से रोडवेज स्टेशन पर भीड़ आनी शुरू हो गयी थी। 12 बजे के आसपास भीड़ कम थी, लेकिन दोपहर बाद अचानक भीड़ उमड़ आयी। इस दौरान सबसे अधिक भीड़ बरेली, पीलीभीत और टनकपुर मार्ग पर दिखायी दी। इन मार्गों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए डिपो प्रबंधन को बसों के फेरे बढ़ाने पड़े।
इस दौरान स्टेशन में यात्रियों की भीड़ इतनी रही कि एक-एक सीट के लिए यात्रियों को जद्दोजहद करनी पड़ी। रुद्रपुर डिपो के अधिकारियों के अनुसार सामान्य दिनों में बरेली मार्ग पर 5, पीलीभीत मार्ग पर 2 और टनकपुर मार्ग पर 8 बसों का संचालन किया जाता है। इन मार्गों पर यात्रियों की भीड़ अधिक होने पर डिपो प्रबंधन को इन बसों के फेरों की संख्या बढ़ानी पड़ी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए इन मार्गों पर बसों के 40 से अधिक फेरे लगाये गये।
स्टेशन में उत्तराखंड की बसों के नहीं होने पर यूपी की बसों ने काटी चांदी
रुद्रपुर। रुद्रपुर स्टेशन परिसर में अचानक उमड़ी भीड़ के दौरान डिपो की बसें कम नजर आयी। इस कारण उत्तर प्रदेश की बसों में यात्रियों ने सफर किया। इससे डिपो को काफी राजस्व का नुकसान हुआ है, जबकि उत्तर प्रदेश की बसों ने जमकर चांदी काटी।
धनतेरस पर्व पर 11000 यात्रियों ने किया सफर
रुद्रपुर। डिपो के अधिकारियों के अनुसार धनतेरस पर्व पर 11000 यात्रियों ने सफर किया। इस कारण डिपो की आय 17 लाख तक पहुंच गयी। जो लक्ष्य 11 लाख 35 हजार से काफी अधिक रही। अधिकारियों को उम्मीद है कि छोटी दीपावली और बढ़ी दीपावली पर भी यात्रियों के निकलने से डिपो के राजस्व में वृद्धि की उम्मीद है।
ट्रेनों में रही यात्रियों की भीड़, जनरल डिब्बों में करना पड़ा सफर
रुद्रपुर। बसों के साथ ही रुद्रपुर सिटी स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों बाघ एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ नजर आयी। यात्रियों के टिकट कंफर्म नहीं होने पर मजबूरन जनरल डिब्बों में सफर करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनों में वेटिंग काफी अधिक रही। इस कारण जिन यात्रियों के टिकट कंफर्म नहीं हुए उन्होंने या तो जनरल डिब्बों में सफर किया या फिर बसों का सहारा लिया।
धनतेरस की अपेक्षा छोटी दीपावली पर यात्रियों की भीड़ अधिक थी। बरेली, पीलीभीत और टनकपुर मार्ग पर सबसे अधिक यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों की संख्या को देखते हुए इन मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाने पड़े।
-महेंद्र कुमार, एआरएम, रुद्रपुर डिपो।