Chandrayaan-3: चंद्रयान-तीन मिशन के साथ बच्चों का बढ़ रहा उत्साह, शिक्षक संगठन स्कूल खुलने का कर रहे विरोध
कानपुर देहात में चंदा मामा के दीदार को स्कूल खोलने पर नाराजगी।

प्रदेश में चंद्रयान-तीन मिशन के साथ बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए स्कूलों में लाइव प्रसारण दिखाने का आदेश जारी किया गया है। हालांकि कानपुर देहात में शिक्षक संगठन स्कूल खुलने का विरोध कर रहे हैं।
कानपुर देहात, अमृत विचार। प्रदेश में चंद्रयान-तीन मिशन के साथ बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए स्कूलों में लाइव प्रसारण दिखाने का आदेश जारी किया गया है। इस ऐतिहासिक पल के गवाह स्कूल के बच्चे भी बनेंगे। चंद्रयान-तीन के का चंद्रमा पर उतरने का सीधा प्रसारण 23 अगस्त को इसरो की वेबसाइट, यू-ट्यूब चैनल और डीडी नेशनल पर दिखाया जाएगा। हालाकि शिक्षक संगठन स्कूल खुलने का विरोध कर रहे हैं।
चंद्रयान-तीन मिशन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश को संबोधित करेंगे। ऐसे में प्रदेश के सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ शाम बुधवार शाम 5ः15 बजे से 6ः15 बजे तक विशेष सभा आयोजित कराने के निर्देश दिए गए है। चंद्रमा पर चंद्रयान-3 के उतरने के सीधे प्रसारण में बच्चों के शामिल होने और प्रसारण दिखाने के लिए विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।
वहीं विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने शाम को विद्यालय खोलने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वह इसका बहिष्कार करेंगे। इतनी शाम को महिला शिक्षिकों की सुरक्षा की व्यवस्था कैसे होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में इस आदेश की तीखी आलोचना की है। पत्र में लिखा है कि परिषदीय विद्यालयों में अवकाश अवधि में विद्यालय खोलना एक सामान्य प्रक्रिया होती जा रही है।
सरकारी गतिविधियों का संसाधन विहीन विद्यालयों में सीधे प्रसारण की व्यवस्था करना एक फैशन का रूप लेता जा रहा है। कोई यह भी नहीं पूछता कि विद्यालयों में सीधा प्रसारण कैसे दिखाओगे। जहां न तो टीवी है और न प्रोजेक्टर व न इनवर्टर। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों में शाम को 6 बजे के बाद तक सीधा प्रसारण करने की व्यवस्था पूरी तरह से अव्यावहारिक है। जिससे शिक्षकों में आक्रोश है।
उनका कहना है सुबह आठ बजे के विद्यालय में शिक्षक सुबह 6-7 बजे घर से निकलते हैं और दूर दराज के विद्यालयों में शाम 6.30 बजे तक रुकना व्यावहारिक नहीं है। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री से इस तरह के अव्यावहारिक आदेशों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। इस बावत बीएसए रिद्धी पांडेय का कहना है कि शासन के निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
कन्नौज
वहीं, जिले में शाम को परिषदीय विद्यालय खुलेंगे। बच्चे चंद्रयान-3 की लैंडिंग लाइव देखेंगे।