देवरिया में डा. संजय का दावा-पिछली सरकारों ने निषाद मछुआ समुदाय को हाशिये पर रखा था

देवरिया/बलिया। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डाक्टर संजय निषाद ने रविवार को दावा किया कि पिछली सरकारों ने निषाद मछुआ समुदाय को हाशिये पर रखने का काम किया था, लेकिन केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार निषाद मछुआ समुदाय की दिन-दशा सुधारने के लिए काम कर रही है।
डा. निषाद ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ था लेकिन देश की 578 जातियाँ इस देश में आजाद भारत में भी गुलाम थी, जो 31 अगस्त 1952 को आजाद हुई थी। आज प्रदेश में 193 जातियाँ निवास करती हैं। जो रोड पर, खानाबदोश का जीवन जी रही थी। उनको सम्मान दिलाने के लिए एक कमेटी1949-50 में बनी थी।
उसमें इन जातियों को 74 प्रकार की व्यवस्था देने की बात कही गई थी। लेकिन पिछली सरकारों ने इन जातियों के साथ अन्याय किया और ऐसे जातियों के लिए हम लड़ाई लड़ रहे हैं। आज केन्द्र और प्रदेश की सरकारें निषाद और मछुआ समुदाय के कल्याण के लिए काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम और निषाद राज की प्रतिमा लग रही है जो उसका स्वागत योग्य है। निषाद राज के वंशज को जिस तरह से भगवान राम ने गले लगाया था, उसी तरह से प्रधानमंत्री मोदी ने निषाद समुदाय को गले लगाया है। उन्होंने कहा कि हमारी 18 फीसदी आबादी है। हम जीत के लिए लड़ते हैं। भगवान श्री राम और निषाद राज ने जीत के लिए काम किया था। हम लोग भी जीत के लिए कम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी की अगुवाई में आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए इस बार 300 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार भोजन भरी थाली है। हम लोग रणनीति के तहत काम करते हैं। योगी ने जिस तरह से विधानसभा और विधान परिषद दोनों में निषाद पार्टी का ध्यान रखा, उसी तरह से लोकसभा चुनाव में भी निषाद पार्टी का प्रतिनिधित्व भोजन भरी थाली से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में दिल्ली दौरे पर जाकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर समाज के लंबित मुद्दो की जानकारी दी है। जिसका जल्द हल निकालने का आश्वासन मिला है। डा. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी ने गोरखपुर की धरती से अपना संघर्ष शुरू किया था।
इसी संघर्ष के बदौलत आज विधानसभा में पार्टी के 11 विधायक हैं। आगामी 16 अगस्त को गोरखपुर में पार्टी का 8 वां स्थापना दिवस भव्यता के साथ मनायेगी। जिसमें एक लाख के भीड़ के आने का अनुमान है। इस कार्यक्रम में भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व के शीर्ष नेताओं के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शरीक हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें:-मऊ में बोले दारा सिंह चौहान- मोदी सरकार में समाज के हर वर्ग का हो रहा है कल्याण