काशीपुर: रेलवे ने यात्रियों की संख्या बढ़ने से अर्जित की 316.80 करोड़ आय
.jpg)
काशीपुर, अमृत विचार। रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में यात्री यातायात से प्राप्त होने वाली आय 162.09 करोड़ के सापेक्ष वर्ष 2022-23 में 316.80 करोड़ आय अर्जित की है, जो पिछले वित्तीय वर्ष से 95.45 प्रतिशत अधिक है।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुविधाओं में सुधार एवं विस्तार के लिए सतत् प्रयासरत है। रेल यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के फलस्वरूप रेल यात्री संख्या में निरंतर वृद्धि का क्रम जारी है।
इज्जतनगर मंडल पर वित्तीय वर्ष 2021-22 में आरंभिक यात्रियों की संख्या 2.03 करोड़ थी, जोकि वित्तीय वर्ष 2022-23 में आशातीत वृद्धि के साथ रेल यात्रियों की संख्या बढ़कर 4.63 करोड़ हो गई। यह 127.75 प्रतिशत की वृद्धि को भी दर्शाता है। इससे यात्री यातायात से प्राप्त होने वाली आय में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
वित्तीय वर्ष 2021-22 में यात्री यातायात से 162.09 करोड़ आय प्राप्त हुई थी, वर्ष 2022-23 में 316.80 करोड़ अर्जित हुई है, जोकि पिछले वित्तीय वर्ष से 95.45 प्रतिशत अधिक है। अन्य कोचिंग से रेल राजस्व में वर्ष 2021-22 में 15.74 करोड़ थी, जोकि वर्ष 2022-23 में बढ़कर 21.61 करोड़ दर्ज की गई, जोकि गत वर्ष की तुलना में 37.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि मंडल ने 974.5 रेकों में 1.572 मिलियन टन माल लदान कर विभिन्न आवश्यक वस्तुओं को देश के कोने-कोने में पहुंचाया। जिसके वित्तीय वर्ष 2022-23 में 232.83 करोड़ का रेल राजस्व अर्जित किया है, जबकि वित्तीय वर्ष 2021-22 में 186.71 करोड़ थी जोकि गतवर्ष की तुलना में 24.70 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। वर्ष 2022-23 में मंडल की सकल आय 574.30 करोड़ रही, जो पिछले वित्तीय वर्ष में प्राप्त हुई आय. 365.55 की तुलना में 57.11 प्रतिशत अधिक है।
टिकट जांच से भी आय की अर्जित
काशीपुर। इज्जतनगर मंडल में टिकट जांच के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 के दौरान 1,68,236 उच्च प्रभार के मामलों से 9.65 करोड़ की आय प्राप्त हुई थी, वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान 2,57,590 मामलों से 15.05 करोड़ प्राप्त हुई है। मंडल में पिछले वर्ष की तुलना में उच्च प्रभार के मामलों में 53.11 प्रतिशत एवं टिकट जांच आय में 55.93 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जोकि मंडल में अब तक की सर्वाधिक टिकट जांच आय है।