अयोध्या : ठंड ने तोड़ा 11 वर्षों का रिकॉर्ड
अयोध्या जनपद कोहरे की चादर में लिपटा, कई ट्रेनें लेट, स्टेशन पर ठिठुरते दिखे यात्री

अमृत विचार, अयोध्या। जनपद में ठंड ने 11 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री खिसककर 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इससे पहले नौ जनवरी 2013 को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। न्यूनतम पारा चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं की रफ्तार काफी कम रही, लेकिन गलन बदस्तूर जारी रही।
सूर्य देव ने दोपहर बाद थोड़ी देर के लिए बादलों की ओट से निहारा, लेकिन वह भी राहत नहीं दे सके। इधर, ठंड बढ़ती देख जिला प्रशासन ने कक्षा नौ से 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का निर्देश दे दिया है। पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए ऑनलाइन क्लास चलाने का फरमान जारी किया गया है। वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में भी 14 तक के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है। अब 16 जनवरी से ही स्कूल खुलेंगे।
जनपद में सोमवार को सुबह से ही कोहरा छाया रहा। तकरीबन 12 बजे तक शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। इधर, मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिन में ठंड से राहत मिलने के संकेत दिए हैं। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने, सुबह के समय कोहरा पड़ने एवं हवा के सामान्य गति से पश्चिमी ही चलने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। हालांकि दो से तीन दिन बाद लोगों को अत्यधिक ठंड से राहत मिल सकती है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं। रेलवे स्टेशन पर यात्री ठिठुरते नजर आए।
सर्दी, खासी, जुकाम व बुखार के भी मरीज बढ़े
मौसम की मार से जनपदवासी बेहाल हैं। इन दिनों सर्दी, खांसी व जुकाम के मरीजों की बाढ़ आई हुई। जिला अस्पताल में सांस व हृदय रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। मेडिसिन की ओपीडी में सबसे अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। बाकी की ओपीडी में सन्नाटा दिखा।
यह भी पढ़ें:-सट्टा लगाना आसान, जब पुलिस है मेहरबान