अयोध्या: जिले में मानसून ने दी दस्तक, रिमझिम फुहारों ने बदला मिजाज, मौसम में जबरदस्त बदलाव

अयोध्या। जनपद में बुधवार को मानसून ने दस्तक दी। सुबह से बरस रही रिमझिम फुहारों की बूंदें शाम तक गिरती रहीं। हालांकि बारिश मध्यम ही रही, लेकिन मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है। अयोध्या में तो सड़कें जलमग्न हो गईं। हवाओं के झोंकों के कारण कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई …
अयोध्या। जनपद में बुधवार को मानसून ने दस्तक दी। सुबह से बरस रही रिमझिम फुहारों की बूंदें शाम तक गिरती रहीं। हालांकि बारिश मध्यम ही रही, लेकिन मौसम में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है। अयोध्या में तो सड़कें जलमग्न हो गईं। हवाओं के झोंकों के कारण कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। दिन के तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। बारिश के कारण बिरला धर्मशाला के मुख्य गेट पर करीब दो घंटे तक सड़कों पर पानी भरा रहा।
इसके अलावा हनुमान गढ़ी के पास भी सड़कों पर पानी भरा रहा।आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ अमर नाथ मिश्र ने बताया कि आगामी 24 घंटे में आसमान में घने बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि मानसून पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें:-बरेली: चार दिन बाद दस्तक देगा मानसून, गर्मी से मिलेगी राहत