हल्द्वानी: लघुशंका जाने के बहाने पुलिस कर्मियों को गच्चा दे गया दुष्कर्म का आरोपी

हल्द्वानी, अमृत विचार। नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी लघुशंका का बहाना बनाकर सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय से भाग गया। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अस्पताल से भागने वाला दुष्कर्म का आरोपी कोरोना पॉजिटिव था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दो सिपाहियों …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी लघुशंका का बहाना बनाकर सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय से भाग गया। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अस्पताल से भागने वाला दुष्कर्म का आरोपी कोरोना पॉजिटिव था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
बनभूलपुरा निवासी राविश व नर्सिंग का कोर्स कर रहे राजस्थान निवासी ध्रुव के खिलाफ एक नाबालिग ने बनभूलपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राविश पर पीड़िता ने दुष्कर्म और ध्रुव पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। बीती 12 जनवरी को बनभूलपुरा पुलिस ने राविश को गिरफ्तार कर लिया था। नियमत: जेल भेजने से पहले उसे मेडकिल परीक्षण के लिए पुलिस बेस अस्पताल ले गई।
जहां उसकी कोविड जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इसके बाद 13 जनवरी को ही इलाज के लिए राविश को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती करा दिया गया। यहां राविश की निगरानी के लिए सिपाही ललित महरा और महेश बृजवाल को ड्यूटी पर तैनात किया गया था।
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह सात बजे राविश ने लघुशंका जाने की इच्छा जाहिर की। दोनों सिपाहियों ने खुद साथ जाने के बजाय अकेले जाने की इजाजत दे दी। कुछ देर तो सिपाही वहीं बैठ कर इंतजार करते रहे, लेकिन जब काफी देर हो गई तो दोनों बाथरूम पहुंचे, लेकिन राविश वहां से गायब था। जैसे ही दुष्कर्म के आरोपी के भागने की खबर फैली तो अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस के आलाधिकारियों को दी गई।
कुछ ही देर में आलाधिकारी मौके पर जा पहुंचे और राविश की तलाश शुरू हुई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इधर, पूरे मामले में सिपाही ललित महरा और महेश बृजवाल को ड्यूटी में लापरवाही बरतने का दोषी पाते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने दोनों को सस्पेंड कर दिया।
बनभूलपुरा थाने से दुष्कर्म का आरोपी कोरोना संक्रमित होने की वजह से सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। जहां से वह भाग गया। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं।
-पंकज भट्ट, एसएसपी