पीलीभीत: असम हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान समेत दो की मौत

पीलीभीत, अमृत विचार। असम हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे का सबब बनी। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई। दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। …
पीलीभीत, अमृत विचार। असम हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे का सबब बनी। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई। दोनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कानूनी कार्रवाई के लिए मृतकाें के परिवार वालों से तहरीर मांगी है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव के निवासी 35 वर्षीय रवि कुमार खेती करते थे। शुक्रवार को उनके साढ़ू जगतपुर निवासी पप्पू के घर दावत थी। इसमें शामिल होने के लिए वह शाम करीब चार बजे निकले थे। बाइक पर उनके साथ गांव का ही 16 वर्षीय हरीश कुमार पुत्र मगरेलाल भी गया था।
रात आठ बजे के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। असम हाईवे पर गजरौला क्षेत्र के जरा के पास पहुंचते ही ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। इसकी सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।वहां दोनों की मौत हो गई। दूसरे दिन शनिवार सुबह पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिश्तेदारी में चला गया था हरीश
मृतक रवि कुमार तो अपने साढ़ू के घर दावत में शामिल होने गए थे।मगर, दूसरा मृतक हरीश कुमार रिश्तेदारी में गया था। दरअसल, उसकी बुआ जगतपुर गांव में ही रहती हैं। रवि जब दावत में उसी गांव जा रहे थे, तो वह भी रिश्तेदारों से मिलने की वजह से साथ चला गया था। किसे पता था कि वह लौटकर नहीं आएगा। दोनों की मौत के बाद हर काेई इसे लेकर चर्चाएं करते हुए परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा रहा।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे में एक साथ दो परिवारों में मातम छा गया है। रवि कुमार हंसी-खुशी घर से निकले थे। घर पर पत्नी रामलली, पति के वापस आने का इंतजार कर रही थी। उधर, हरीश के परिजन भी बेटे की वापसी को इंतजार में थे। मगर, जैसे ही दोनों की मौत की खबर मिली परिवार में कोहराम मच गया। सभी का रोकर बुरा हाल रहा। मृतक रवि के दो बच्चे पायल और देवेश हैं। जबकि हरीश तीन भाई थे।
‘असम हाईवे पर हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गजरौला पुलिस को मामले में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।’ – सुनील दत्त, सीओ सिटी
ये भी पढ़े-