राजधानी में साइबर जालसाजों ने तीन को निशाना बनाकर की सवा दो लाख की ठगी

लखनऊ। राजधानी में साइबर जालसाजों का गिरोह तेजी से सक्रिय है। आये दिन कोई न कोई ठगी का शिकार हो रहा है। राजधानी के तीन थाना क्षेत्रों 2.24 लाख रूपए की ठगी की गयी है। पीड़ितों ने गुडम्बा, सुशांत गोल्फ सिटी व सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। गुडम्बा के आदिलनगर निवासी मो. रेहान …
लखनऊ। राजधानी में साइबर जालसाजों का गिरोह तेजी से सक्रिय है। आये दिन कोई न कोई ठगी का शिकार हो रहा है। राजधानी के तीन थाना क्षेत्रों 2.24 लाख रूपए की ठगी की गयी है। पीड़ितों ने गुडम्बा, सुशांत गोल्फ सिटी व सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
गुडम्बा के आदिलनगर निवासी मो. रेहान बीते सोमवार को अजमेर गए थे। उसी रात साइबर जालसाज ने कार्ड का क्लोन बनाकर खाते से 2,14,085 रुपये पार कर दिए। पैसे डॉलर में इटसी आयरलैंड में ट्रांसफर हुए। वापस लौटने पर रेहान ने गुडम्बा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं सुशांत गोल्फ सिटी के अवध विहार योजना स्थित गोमती इंक्लेव निवासी तुषार डिडवानियां का बचत खाता एसबीआई में है।
बीते 11 नवम्बर को उनके पास एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को एसबीआई कर्मचारी बनकर कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर खाते की जानकारी हासिल कर ली। कुछ ही देर में खाते से 50,371 रुपये निकल गए। उधर, सरोजनीनगर के दरोगाखेड़ा स्थित सीएसए नगर कालोनी निवासी बुजुर्ग रामनाथ साहू का डेबिट कार्ड बीते रविवार को कहीं गिर गया। इसके बाद खाते से 60 हजार रुपये निकल गए।
पढ़ें- लखनऊ: हुनर हाट के आखिरी दिन पंकज उधास ने अपनी गजलों से बांधा समां
पुलिसकर्मी बन हड़पे वृद्धा के जेवर
महानगर में घूम रहे ठगों ने पुलिसकर्मी होने का दावा करते हुए वृद्धा को रोक लिया। हत्या कर जेवर लूटे जाने की बात कहते हुए वृद्धा से जेवर उतारने के लिए कहा। जिसे लेकर बदमाश भाग निकले। पीड़िता के परिवारवालों ने महानगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। महानगर सेक्टर-सी निवासी वत्सल रस्तोगी की दादी चंद्र किशोरी रस्तोगी गाय को रोटी देने के लिए घर से निकलीं थीं। मकान से कुछ दूर पहुंचने पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।
पुलिसकर्मी के तौर पर परिचय देने वाले ठगों ने चंद्र किशोरी से कहा कि आंटी जी कुछ देर पहले ही हत्या कर जेवर लूटे गए हैं। इसलिए हम लोगों की ड्यूटी चेकिंग में लगाई गई है। आप भी गहने पहन कर घूम रहीं हैं। वारदात हो सकती है। इसलिए गहने उतार लीजिए। ठगों को पुलिसकर्मी समझ कर चंद्र किशोरी बातों में उलझ गईं। वह चेन उतराने लगीं। इस बीच एक युवक उन्हें बातों में उलझाए रहा। वहीं, दूसरे ने चेन लेकर कागज की पुड़िया में लपेटने का नाटक किया। इसके बाद पुड़िया चंद्र किशोरी को थमाते हुए आरोपी वहां से चले गए।