मुरादाबाद : खरना कर व्रतियों ने शुरू किया निर्जला व्रत, आज डूबते सूरज को देंगी अर्घ्य

मुरादाबाद, अमृत विचार। भगवान सूर्यदेव के प्रति आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन मंगलवार को खरना हुआ। इसको लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। दिन भर उपवास में रहने के बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से प्रसाद तैयार किया गया। गुड़, दूध और चावल से खीर बनाई गई। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। भगवान सूर्यदेव के प्रति आस्था के महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन मंगलवार को खरना हुआ। इसको लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। दिन भर उपवास में रहने के बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से प्रसाद तैयार किया गया। गुड़, दूध और चावल से खीर बनाई गई। खरना की थाली में सिंदूर और घी मिलाकर सूर्य चक्र बनाया गया व मिट्टी के दीयों में प्रसाद रखा गया। व्रतियों ने शाम को कुलदेवता और छठी मैया की अराधना की।
पूजा के बाद भगवान को खीर का भोग लगाया और परिवार के सभी लोगों ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। पूरे परिवार ने उत्साह के साथ छठ मैया से आशीर्वाद लिया। इसके साथ व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। बुधवार की सुबह से ही घरों में डाला में पूजा सामग्री रखने और उसे सजाने की तैयारी होगी। शाम को घरों व घाटों पर व्रतियों द्वारा डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इधर, छठ पूजा समिति द्वारा दूसरे दिन बुद्धि विहार, लाइनपार, कपूरकंपनी, रामगंगा विहार, रेलवे हरथला कॉलोनी आदि स्थानों पर श्रद्धापूर्वक विधि-विधान से महिलाओं ने खरना का पर्व मनाया।
घाटों पर लगाए गए लाउडस्पीकर
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष भूपेश सिंह ने बताया कि सभी घाटों पर लाउडस्पीकर की व्यवस्था कराई जा रही है। ताकि सुरक्षा संबंधित चीजों को लेकर घोषणा की जा सके। बताया कि पूजा के लिए सभी घाट लगभग तैयार हैं।
घाटों पर भी किया गया खरना
मंगलवार को कई व्रतियों ने घाट पर ही खरना किया। घाट पर बेबी सिंह, सुजीता सिंह, रूबी देवी, पिंकू देवी, बिन्नी सिंह, संध्या गिरी, रिंकू देवी, शालू सिंह, अपर्णा, रश्मी गुप्ता, मनोरमा देवी, कोमल सिंह, सुजाता सिंह, साक्षी गोस्वामी, श्रुती गोस्वामी, सीमा दुबे, अराधना अग्रवाल, शालू, रश्मी आदि ने खरना किया।
घरों में गूंजे छठी मैया के गीत
छठ महापर्व पर पूर्वांचलवासियों के घरों में मारवो रे सुगवा धनुष से… कोपी कोपी बोलेली छठी मइया, सुनि ए सेवक लोग… जैसे धार्मिक गीत बजते रहे। इसके साथ ही पूजा की तैयारियों को लेकर लोगों एक-दूसरे का सहयोग कर रहे हैं।
लौकी और कद्दू के चढ़े दाम
छठ शुरू होने के साथ ही बाजार में लौकी और कद्दू की मांग बढ़ गई है। मांग अधिक होने से कद्दू 50-60 रुपये किलो बिक रहा है। नारियल, सूप, डाला और पूजन सामग्री के दाम में भी इजाफा हो गया है। कई व्रतियों ने घर में मिट्टी का चूल्हा बनाया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा का प्रसाद इसी चूल्हे पर बनाया जाता है। बाजार में मिट्टी के चूल्हे 300-500 रुपये बिक रहे हैं।
पीतल व तांबे के पात्रों से दें अर्घ्य
मान्याओं के अनुसार छठ में पीतल व तांबे के पात्र से अर्घ्य देना चाहिए। अर्घ्य दूध और पानी से भी दे सकते हैं। वेदाचार्यों के मुताबिक छठ खासकर शरीर मन और आत्मा की शुद्धि का पर्व है।
आज सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रतधारी
छठ पूजा समिति से अध्यक्ष भूपेश सिंह ने बताया कि गुरुवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न होगा।