शाहजहांपुर: ED की कार्रवाई से कांग्रेस नाराज...पुतला फूंकने की कोशिश में पुलिस से भिड़े
शाहजहांपुर, अमृत विचार। सोनिया राहुल के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में आरोप पत्र दाखिल करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का ईडी के खिलाफ गुस्सा भड़क उठा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी के खिलाफ पार्टी कार्यालय पर नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ईडी का पुतला फूंकने के प्रयास में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। इससे पुतला दो भागों में बंट गया।
बुधवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय राजीव भवन टाउन हॉल पर एकत्रित होने लगे। वहीं कार्यकर्ताओं की बढ़ती संख्या देखकर पुलिस भी भारी संख्या में पहुंच गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले पार्टी कार्यालय पर बैठक की। इस दौरान जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि जब जब किसी भी राज्य में चुनाव नज़दीक आए हैं, तब-तब मोदी सरकार ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को विभिन्न जांच एजेंसी के माध्यम से परेशान करने का हथकंडा अपनाया है। पिछले काफी समय से ईडी का इस्तेमाल कर कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को परेशान करने का लगातार प्रयास हो रहा है लेकिन सत्य परेशान हो सकता है पराजित नहीं। महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान ने कहा कि मोदी सरकार को यह पता है कि जब भी उनका अंत होगा वह राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ही करेगी, सरकारें आती जाती रहती हैं, इस प्रकार के हथकंडे अपनाना ठीक नहीं है। इनका भी अंत होगा और कांग्रेस पार्टी इनसे सब हिसाब किताब चुकता करेगी।
इसके बाद ईडी मुर्दाबाद लिखी तख्तियां हाथों में लेकर सभी कांग्रेसजन सड़क पर उतर पड़े, वही पिछले गेट से युवा कांग्रेस अध्यक्ष रामजी अवस्थी के साथ कार्यकर्ता ईडी का पुतला लेकर फूंकने के लिए सड़क पर निकले, जिसमें पुलिस प्रशासन ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को घेर लिया और पुतला छीनने का प्रयास किया। जिस पर सभी कांग्रेसियों ने पुतले को जकड़ लिया और लगभग आधा घंटा तक पुतले को लेकर धक्कामुक्की होती रही। जिससे पुतला दो हिस्सों में बट गया। धक्कामुक्की में कई पदाधिकारियों को हल्की फुल्की चोट भी आई और कपड़े भी फट गए। इस दौरा काफी देर तक प्रदर्शन चलता रहा।
प्रदर्शनकारियों में पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, तनवीर सफदर, पवन सिंह, तसनीम अली खान, कृष्ण विनोद मिश्रा, फैजान अली खान, अनस इकबाल, फरीद अली खान,अर्चना वाल्मीकि,रफी उल हसन,सईद अंसारी, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, ताहिर अली गुड्डू मियां, जाने आलम, गायत्री प्रकाश अवस्थी, अदीब अहमद, प्रत्युष मिश्रा, शाश्वत मिश्रा, परवेज अहमद, अरुणोद मिश्रा, रामजी शुक्ला, मेंहदी हसन, कमल किशोर मिश्रा, तस्दीक अंसारी, आदि बड़ी संख्या में कांग्रेसियों ने हिस्सा लिया।
