अयोध्या: दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर सजने लगे दीये

अयोध्या। गंगा बड़ी गोदावरी, तीरथ राज प्रयाग, सबसे बड़ी अयोध्या नगरी, जहां राम लीन अवतार। इसी भावना के साथ सोमवार को अयोध्या स्थित दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। 12 हजार वालंटियर्स घाटों पर दीये सजाने के काम में जुट गए हैं। यह सिलसिला अगले दो दिन भी चलने …
अयोध्या। गंगा बड़ी गोदावरी, तीरथ राज प्रयाग, सबसे बड़ी अयोध्या नगरी, जहां राम लीन अवतार। इसी भावना के साथ सोमवार को अयोध्या स्थित दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। 12 हजार वालंटियर्स घाटों पर दीये सजाने के काम में जुट गए हैं। यह सिलसिला अगले दो दिन भी चलने वाला है। तीन नवंबर को दीपोत्सव का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें नया विश्व रिकॉर्ड गढ़ने के भी अरमान हैं। सोमवार की शाम को भजन गायक पद्मश्री अनूप जलोटा के भजनों और नेपाल के रामलीला कलाकारों द्वारा रामलीला की प्रस्तुति ने दीपोत्सव की संध्या पर समां बांध दिया।
राम की पैड़ी व रामकथा पार्क में दीपोत्सव का सोमवार से आगाज हो गया। सुबह राम की पैड़ी पर पहुंचे वालंटियर्स ने दीपों को पैटर्न पर लगाने का काम शुरू किया। साकेत महाविद्यालय के फाइन एंड आर्ट्स डिपार्टमेंट की तरफ से प्रोफेसर अमरीश श्रीवास्तव के नेतृत्व में पांच पैटर्न बनाए गए हैं, जिसमें घाट संख्या 2 पर अमृत महोत्सव, 3 पर केवट राम, 4 पर राम द्वारा रावण वध, 5 पर राम भक्त हनुमान व 6 पर एक भारत श्रेष्ठ भारत का पैटर्न शामिल है। इन्हीं पर दीये रखने का काम चल रहा है। कुल 9 लाख दीयों को रोशन किया जाना है। 32 घाटों पर 8 लाख 41 हजार 650 दीये जलेंगे, बाकी के दीये राम मंदिर समेत अन्य मंदिरों में जलाए जाएंगे।
ईवेंट मैनेजर के जायजा लेने के बाद बुधवार को 40 एमएल वाले दीयों में तेल और बाती डालने का काम किया जाएगा। घाट नंबर एक पर सबसे अधिक 55500 दीये और घाट नंबर 32 पर 10 हजार दीयों को सजाने का काम किया जा रहा है। प्रत्येक वालंटियर्स को 65 दीये की जिम्मेदारी दी गई है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड की टीम भी यहां पहुंच चुकी है। वहीं देर शाम दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम के लिए राम की पैड़ी पर लेजर शो, लाइट एंड साउंट सिस्टम समेत कई शो का रिहर्सल किया गया। उधर, रामकथा पार्क में अनूप जलोटा के भजनों से तो समां बांध दिया। नेपाल के कलाकारों ने रामलीला की प्रस्तुति देकर दीपोत्सव की शाम को और भी रंगारंग बना दिया।
इनकी है सहभागिता
- 200 समन्वयक
- 40 स्वयंसेवी संस्था
- 15 महाविद्यालय
- 28 विभाग अवध विश्वविद्यालय के
- पांच इंटर कॉलेज के छात्र
होने वाला कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय टुअर ऑपरेटर्स, ट्रैवल राइटर्स व ब्लॉगर्स की तरफ से नगर का हेरिटेज टुअर। अयोध्या धाम की विकास परियोजनाओं व विजन डॉक्यूमेंट प्लान का प्रस्तुतिकरण। बनारस के कलाकारों की तरफ से श्री राम पर आधारित नृत्य-नाटिका। यक्षगान। आजमगढ़ के समूहन कला संस्थान के कलाकार ‘उठो अहिल्या’ नाट्य का मंचन करेंगे। इस दौरान यहां के विभिन्न मंदिरों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।