मुरादाबाद : अगस्त तक तैयार हो जाएगा कपूर कंपनी का नया पुल

लखनऊ स्थित कार्यशाला में कराया जा रहा पुल का निर्माण

मुरादाबाद : अगस्त तक तैयार हो जाएगा कपूर कंपनी का नया पुल

मुरादाबाद, अमृत विचार। नए कपूर कंपनी पुल के लिए नींव की खोदाई कई दिन पूर्व शुरू कर दी गई थी। इसके लिए एक करोड़ 80 लाख रुपये का टेंडर निजी कंपनी को दिया गया है। वहीं दूसरी ओर लखनऊ स्थित कार्यशाला में लोहे के पुल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पुल के महत्वपूर्ण हिस्से बनने के बाद मुरादाबाद लाए जाएंगे। जिसके बाद निजी कंपनी के कर्मचारी व इंजीनियर इसे स्थापित करेंगे। इसके बाद ब्लॉक लेकर गर्डर रखे जाएंगे।

शहर को लाइनपार इलाके से जोड़ने वाला कपूर कंपनी पुल काफी समय से बंद है। जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लोगों की परेशानी को देखते हुए रेलवे भी नए पुल को जल्द से जल्द शुरू करने की कोशिश कर रहा हैं। रेलवे को नए पुल का निर्माण अगस्त तक पूरा करना है। कार्यशाला में बनाए जा रहे पुल पर पांच करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हो रहे हैं।

पुराने पुल की अपेक्षा ज्यादा मजबूत बनाने के लिए गर्डर वाला पुल स्वीकृत किया गया है। नए पुल के लिए पुराने पुल के दो स्पैन तोड़े जाएंगे। लाइनपार की ओर से तीन व शहर की ओर से भी तीन दुकानों को हटाया जाना है। रेलवे ने एक सरकारी क्वार्टर भी ध्वस्त कर दिया है। दुकानदारों से भी जल्द जमीन खाली करने के लिए कहा है। पांच लाख की आबादी का मुद्दा होने के कारण मामला रेल मंत्री के संज्ञान में है। इसलिए रेलवे ने तेज गति से काम शुरू कर दिया है।

पुराना कपूर कंपनी पुल को आईआईटी बनारस की टीम ने जर्जर घोषित किया था। इसके बाद चार दिसंबर 2022 को इसे बंद कर दिया गया था। अब भी दोपहिया वाहनों का आवागमन बंद है। नए पुल के लिए रेलवे ने चार बार टेंडर निकाला, लेकिन किसी कंपनी को जारी नहीं हो सका। पांचवीं बार टेंडर को दो हिस्सों में जारी किया गया। पुल बनाने का काम लखनऊ कार्यशाला को सौंपा गया। जबकि नींव तैयार करने व पुल को स्थापित करने का कार्य नजीबाबाद की निजी कंपनी को दिया गया है। रेलवे अधिकारियों की माने तो कपूर कंपनी का नया पुल जल्द तैयार कर जनता के हवाले किया जाएगा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : भाजपा से लगातार चौथी बार सर्वेश, अब सपा ने नये चेहरे पर खेला दांव