ऐसे मिली गोवा को आजादी…

ऐसे मिली गोवा को आजादी…

गोवा को सन् 1961 में भारतीय सेना ने ‘आपरेशन विजय‘ के तहत 26 घंटों में स्वतंत्र करवा लिया था। गोवा को सन् 1510 में पुर्तगाल ने अपना उपनिवेश बनाया था। पुर्तगाली सेना ने बीजापुर के सुल्तान आदिल शाह को हरा कर गोवा पर कब्जा किया था। यह अंग्रेजों द्वारा भारतीय उपमहाद्वीप के औपनिवेशीकरण की प्रक्रिया …

गोवा को सन् 1961 में भारतीय सेना ने ‘आपरेशन विजय‘ के तहत 26 घंटों में स्वतंत्र करवा लिया था। गोवा को सन् 1510 में पुर्तगाल ने अपना उपनिवेश बनाया था। पुर्तगाली सेना ने बीजापुर के सुल्तान आदिल शाह को हरा कर गोवा पर कब्जा किया था। यह अंग्रेजों द्वारा भारतीय उपमहाद्वीप के औपनिवेशीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के बहुत पहले की बात है।

पुर्तगालियों ने कई सदियों तक गोवा पर शासन किया। उनका शासन अत्यंत कड़ा था। पुर्तगालियों की बड़े पैमाने पर मुखालफत पहली बार सन् 1718 में हुई जब वहां के पॉस्टरों के एक समूह ने टीपू सुल्तान की मदद मांगी और पुर्तगाली सरकार के खिलाफ विद्रोह कर दिया। इसे पिंटो षड़यंत्र कहा जाता है। यह विद्रोह बुरी तरह असफल हुआ और इसके कर्ताधर्ता पॉस्टरों को अमानवीय यातनाएं दी गईं।

सन् 1900 में एल. मेनेजेज ब्रेगांजा ने पुर्तगाली भाषा में होराल्डो नामक अखबार गोवा से निकालना शुरू किया। यह अखबार पुर्तगाल का आलोचक था। सन् 1917 में गोवा में सेंसरशिप लागू कर दी गई। इससे आमजनों में असंतोष बढ़ा। सन् 1928 में टी. ब्रेगांजा ने गोवा कांग्रेस पार्टी का गठन किया। सन् 1946 में राममनोहर लोहिया ने गोवा की मुक्ति के लिए सत्याग्रह किया। उन्हें 18 जून को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दिन को गोवा क्रांति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

गोवा के एक प्रमुख मैदान का नाम लोहिया के नाम पर रखा गया है। इस सत्याग्रह के बाद गोवा में नागरिक अवज्ञा आंदोलन शुरू हो गया। इसमें भाग लेने वाले क्रांतिकारी थे जिनमें पुणे के प्रसिद्ध पहलवान नाना काजरेकर, लोकप्रिय संगीत निदेशक सुधीर फड़के आदि शामिल थे। इन लोगों ने युनाईटेड फ्रंट ऑॅफ लिबरेशन के झंडे तले आजाद गोमांतक दल का गठन किया। यह दिलचस्प है कि लब्धप्रतिष्ठित गायिका लता मंगेशकर ने गोवा की स्वतंत्रता के लिए धन इकट्ठा करने हेतु पुणे में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में हिस्सेदारी की था।

द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद पुर्तगाल के तानाशाह सलाजार ने देश के संविधान को संशोधित कर गोवा को पुर्तगाल का अभिन्न हिस्सा घोषित कर दिया। इसके अलावा पुर्तगाल नाटो में शामिल हो गया जिसका अर्थ यह था कि नाटो के सभी सदस्य देश पुर्तगाल के राज्यक्षेत्र की रक्षा करने के लिए वचनबद्ध थे।नाटो का नेतृत्व अमरीका के हाथों में था और उस समय पुर्तगाल से सैन्य संघर्ष छेड़ने का अर्थ था अमरीका सहित बड़ी पश्चिमी ताकतों को भारत में हस्तक्षेप करने का न्यौता देना।अमरीका के राष्ट्रपति आईजनहावर एवं विदेश मंत्री डलेस ने यह घोषणा की थी कि गोवा पुर्तगाल का अभिन्न भाग है।

इसका जवाहरलाल नेहरू ने विरोध किया था। गोवा में जनमत संग्रह कराए जाने की मांग भी उठी थी जिस पर नेहरू ने जोर देकर यह कहा था कि गोवा के भारत में विलय के मामले में किसी बहस या विवाद की गुंजाइश नहीं है। इसके बाद केनेडी अमरीका के राष्ट्रपति बने जिनका भारत के प्रति रवैया कुछ नरम था। सन् 1950 के दशक के पूर्वार्ध में एफ्रो-एशियन कान्फ्रेंस के सदस्यों ने भारत से गोवा का मुद्दा सुलझाने और वहां से पुर्तगालियों को निकाल बाहर करने का तकाजा किया। परंतु इसमें सबसे बड़ी बाधा नाटो और अमरीका की यह घोषणा थी कि गोवा पुर्तगाल का हिस्सा है।

केनेडी के सत्ता में आने के बाद भारत का रूख भी बदल गया। यह साफ था कि पुर्तगाल को गोवा पर अपना नियंत्रण छोड़ने के लिए बातचीत से राजी करना मुश्किल होगा। सन् 1955 में समाजवादी और साम्यवादियों ने इस मुद्दे पर आम सत्याग्रह शुरू किया। इन सत्याग्रहियों ने जब गोवा में प्रवेश किया तब वहां की सरकार ने उन पर गोलियां बरसाईं जिससे 20 सत्याग्रही मारे गए। इस घटना से व्यथित और क्रुद्ध नेहरू ने गोवा की आर्थिक नाकेबंदी की घोषणा की. पणजी में स्थित वाणिज्य दूतावास को बंद कर दिया और पुर्तगाल से कूटनीतिक संबंध तोड़ लिए गए।

आर्थिक नाकाबंदी से गोवा पूरी दुनिया से कट गया. यहां तक कि वहां के नागरिक समाचार पाने के लिए भी तरस गए। इस समय वामन सरदेसाई और उनकी पत्नि लीबिया लोबो सरदेसाई ने एक भूमिगत रेडियो स्टेशन शुरू किया जिसका नाम ‘द वाइस ऑफ फ्रीडम‘ था। इस रेडियो स्टेशन के जरिए क्रांतिकारियों को सूचनाएं पहुंचाई जातीं थीं और झूठे पुर्तगाली प्रचार का पर्दाफाश किया जाता था। यह रेडियो स्टेशन नवबंर 1955 से दिसंबर 1961 तक गोवा से सटे वनक्षेत्र से संचालित होता रहा। नेहरू ने केनेडी को कूटनीतिक चैनलों द्वारा यह संदेश भिजवाया कि अमरीका गोवा के मामले में हस्तक्षेप न करे। फिर 17 दिसंबर को नेहरू के आदेश पर आपरेशन विजय शुरू किया गया। यह अभियान अचानक शुरू किया गया था।

भारतीय वायुसेना ने डबोलिन हवाईअड्डे के रनवे को नष्ट कर दिया। नौसेना ने गोवा के बंदरगाह को बंद कर दिया और 30 हजार भारतीय सैनिकों ने गोवा में प्रवेश किया। वहां मौजूद लगभग दो हजार पुर्तगाली सैनिकों को आसानी से परास्त कर दिया गया। गोवा के गवर्नर को यह अहसास हो गया था कि बाहर से कोई सहायता आने वाली नहीं है और इसलिए अपनी सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए उसने आत्मसमर्पण कर दिया।

दो दिन बाद 19 दिसंबर को गोवा केन्द्र शासित प्रदेश के रूप में भारत का हिस्सा बन गया। सन् 1987 में यह जानने के लिए जनमत संग्रह किया गया कि गोवा के निवासी पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र का हिस्सा बनना चाहते हैं या गोवा को स्वतंत्र राज्य बनाना। बहुसंख्यक मतदाताओं ने अलग राज्य बनाने के पक्ष में मत व्यक्त किया और इस तरह गोवा भारतीय संघ का 25वां राज्य बन गया।

ये भी पढ़ें-

17 बार इस मंदिर ने झेला है आक्रमणकारियों का प्रहार, हर बार बढ़ती गई शिव मंदिर के प्रति भक्तों की श्रद्धा

ताजा समाचार

गोंडा: मेधावियों की प्रतिभा को विद्यालय प्रबंधन ने सराहा, प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन कर साझा की सफलता की खुशी
आगरा: 'महिला के ऊपर भूत प्रेत का साया', तांत्रिक ने गर्म चिमटों से दागा...झाड़ू से पीटा, जानिए पूरा मामला
विपक्ष कर रहा मेरे खिलाफ 'वोट जिहाद' की अपील, PM मोदी बोले, कहा-उनकी सरकार बनी तो रामलला को फिर से भेज देंगे टेंट में  
बेसबॉल से पीटकर पुत्र ने किया पिता की हत्या, बीच बचाव करने पर मां को भी पीटा 
बदायूं: फंदे पर मिला युवक का शव, पुलिस ने श्मशान घाट से पोस्टमार्टम को भेजा
बरेली: दहेज लोभियों ने एक साल के बच्चे के साथ विवाहिता को घर से निकाला, पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज