MP Politics: बैरिकेडिंग के चलते रामेश्वर के घर नहीं पहुंच सके दिग्विजय, रास्ते से लौटे

MP Politics: बैरिकेडिंग के चलते रामेश्वर के घर नहीं पहुंच सके दिग्विजय, रास्ते से लौटे

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सुबह से चल रही ‘रामधुन’ सियासत का उस समय पटाक्षेप हो गया, जब पुलिस के कड़े पहरे के चलते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भारतीय जनता पार्टी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर नहीं पहुंच सके और उन्हें आधे रास्ते से ही लौटना पड़ा। इसके पहले दिग्विजय सिंह …

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सुबह से चल रही ‘रामधुन’ सियासत का उस समय पटाक्षेप हो गया, जब पुलिस के कड़े पहरे के चलते कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भारतीय जनता पार्टी विधायक रामेश्वर शर्मा के घर नहीं पहुंच सके और उन्हें आधे रास्ते से ही लौटना पड़ा। इसके पहले दिग्विजय सिंह ने स्थानीय मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

माल्यार्पण के बाद दिग्विजय सिंह विधायक रामेश्वर शर्मा के निवास के लिए निकले, लेकिन उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया। ऐसे में उन्होंने करीब एक घंटे तक रास्ते में ही बैठकर प्रभु श्री राम के भजन गाए। रोके जाने के बाद दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी जब-जब डरती है, तब-तब पुलिस को आगे कर देती है।

उन्होंने कहा कि अगर उन्हें विधायक रामेश्वर शर्मा के घर नहीं जाने दिया गया तो वे सड़क पर ही बैठकर रामधुन करते रहेंगे। उन्होंने भाजपा पर पाखंडी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे स्वयं रामभक्त थे, हैं और रहेंगे। इसी बीच अपने निवास पर दिग्विजय सिंह का इंतजार कर रहे भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ‘राजा’ हैं, उन्हें संभवत: ‘गरीब’ के घर भोजन करना अच्छा नहीं लगता होगा।

जो असली राम होगा, वही गरीब के घर खाना खाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह आज अपनी पूर्व घोषणा के अनुरूप यहां भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के निवास तक पदयात्रा कर रहे थे। इसके बाद उन्हें रामेश्वर शर्मा के शासकीय निवास पर रामधुन में शामिल होना था।

पिछले दिनों विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र भोपाल के हुजूर में एक कार्यक्रम में कहा था कि इस इलाके में आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घुटने तोड़ दिए जाएंगे। इसका विरोध करते हुए दिग्विजय सिंह ने रामेश्वर शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था कि वे 24 नवंबर को भोपाल में भाजपा विधायक के निवास पर जाएंगे।

उन्होंने कहा था कि वे लोग अहिंसक हैं और इसका विरोध अहिंसक तरीके से करते हुए रामधुन करेंगे। इसके जवाब में विधायक रामेश्वर शर्मा ने आज अपने निवास पर रामधुन का कार्यक्रम आयोजित कर दिग्विजय सिंह समेत अन्य लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की थी।

यह भी पढ़े-

कोविड-19: देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 537 दिनों में सबसे कम, 437 और मरीजों की मौत