बरेली: मुगलों ने हिंदुस्तान और अंग्रेजों ने थोपा इंडिया, अब भारत को मिले पहचान

बरेली: मुगलों ने हिंदुस्तान और अंग्रेजों ने थोपा इंडिया, अब भारत को मिले पहचान

बरेली, अमृत विचार। मैं भारत हूं यात्रा गुरुवार को बरेली पहुंची। यात्रा का स्वागत समारोह जैन मंदिर सिविल लाइंस के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम संयोजक केके माहेश्वरी ने ‘मैं भारत हूं’ फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार जैन का स्वागत किया। यहां उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी देश को दो अलग नामों …

बरेली, अमृत विचार। मैं भारत हूं यात्रा गुरुवार को बरेली पहुंची। यात्रा का स्वागत समारोह जैन मंदिर सिविल लाइंस के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम संयोजक केके माहेश्वरी ने ‘मैं भारत हूं’ फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार जैन का स्वागत किया। यहां उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी देश को दो अलग नामों से नहीं पुकारा जाता तो फिर भारत को क्यों हिंदुस्तान और इंडिया के नाम से पुकारते हैं। विजय जैन ने कहा कि मुगल आए तो हिंदुस्तान और अंग्रेज आए तो इंडिया नाम हमारे ऊपर थोपा गया। हमारे देश को केवल भारत के नाम से विश्व पटल पर जाना जाए। इस सोच के साथ अभियान शुरू किया है।

इसके लिए सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की थी। देश भर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जय हिंद बोलते हैं। इस परंपरा को खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अब तक करीब तीन हजार किलोमीटर की यात्रा कर चुके हैं। संस्था के अन्य पदाधिकारियों में कोलकाता से आईं लड्डा, दिल्ली से आईं आभा जैन आदि का स्वागत डा. प्रमेंद्र माहेश्वरी ने किया। डा. रुचिन अग्रवाल ने एक सुझाव दिया कि क्यों न हम एसबीआई को स्टेट बैंक आफ भारत, आरबीआई को रिजर्व बैंक आफ भारत बोलना शुरू करें। भाजपा नेता पूरन लाल लोधी ने भी इंडिया की जगह भारत का प्रयोग करने का अनुरोध किया।

आरएसएस के विभाग संघ चालक अतुल खंडेलवाल ने सभी नागरिकों से अपने देश से ऐसे जुड़ने का आह्वान किया कि यदि देश के किसी भी हिस्से में कोई दुर्घटना हो तो पूरा देश उससे जुड़ जाए न कि कुछ लोग समर्थन और कुछ विरोध में आ जाएं।

जैन समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जैन, वार्ष्णेय समाज के अध्यक्ष मनोहर लाल गुप्ता, जितेंद्र वार्ष्णेय, रोटी बैंक के अमित कंचन, रामजी राजावत, माहेश्वरी जिला सभा के अंशुल माहेश्वरी, मनोज माहेश्वरी, अजय माहेश्वरी, जगदीश कुमार, अरुण शिवम, अग्रवाल समाज के विक्रम अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष आशु अग्रवाल, यूथ इन एक्शन के विवेक पटेल, सुमेन्द्र गंगवार, सुबोध अग्रवाल, एके जैन, प्रकाश चंद्र जैन, राजकुमार जैन, प्रदीप आर्य, उन्मुक्त सम्भव शील, हर्ष अग्रवाल, भास्कर मिश्र, डॉ आलोक सक्सेना आदि उपस्थित रहे। यात्रा में साथ चल रही भारत माता की झांकी में मां भारती की मूर्ति पर माल्यार्पण भी किया गया।

बरेली का यह सौभाग्य है: माहेश्वरी
संयोजक केके माहेश्वरी ने कहा कि पूरे देश का भ्रमण करते हुये यात्री यहां आयी है, यह बरेली का सौभाग्य है। आज इस विचार को आगे बढ़ाने में यहां के नागरिकों का सहयोग भी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के किसी भी देश को दो विभिन्न नामों से नहीं पुकारा जाता तो फिर क्यों न हम अपने देश को केवल भारत नाम से ही जानें।