शाहजहांपुर: पूर्णागिरी से दर्शन करके लौट रहे परिवार की कार पुलिया से टकराई, दो बहनों की मौत

शाहजहांपुर/बंडा, अमृत विचार। सोमवार सुबह पूर्णागिरी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार एक पुलिया से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज बरेली और लखनऊ के अस्पतालों में चल रहा है।
यह हादसा जनपद पीलीभीत के थाना घुंघचिहाई क्षेत्र में स्थित गांव गुलड़िया भूपसिंह के पास हुआ। हादसे का शिकार हुई कार थाना पुवायां के गांव पुरैना निवासी अमित वर्मा चला रहे थे। उनके साथ कार में मां ऊषा देवी (50), पत्नी नीतू (26), बेटी अनिका (5), मौसी सुमन (49) व मौसेरे भाई राजन (29) मौजूद थे। सभी लोग रविवार शाम को पूर्णागिरी धाम के लिए निकले थे और सोमवार सुबह दर्शन कर घर लौट रहे थे। सुबह करीब सात बजे प्राथमिक स्कूल के पास कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई, जिससे सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर दो मौतें, बाकी गंभीर रूप से घायल
घायलों को तुरंत बंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां ऊषा देवी को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं राजन और सुमन को लखनऊ रेफर किया गया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में सुमन ने दम तोड़ दिया। अमित, उनकी पत्नी नीतू और बेटी अनिका को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि राजन का इलाज लखनऊ में चल रहा है।
इलाज के लिए आई थीं सुमन, बन गया हादसे का कारण
जानकारी के मुताबिक, हरदोई जिले की रहने वाली सुमन रीढ़ की हड्डी की समस्या के इलाज के लिए चार दिन पहले अमित के घर आई थीं। इलाज के बाद वह अमित के घर पर ठहरी हुई थीं। उनके बेटे राजन, जो पेशे से डॉक्टर हैं, उन्हें घर वापस ले जाने आए थे। इसी बीच सभी ने मिलकर पूर्णागिरी धाम जाने का निर्णय लिया। दर्शन के बाद लौटते समय यह हादसा हो गया।
परिवार में मातम का माहौल
घटना के बाद से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है। अमित के भाई अनुराग का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें- बरेली: मदरसों पर कार्रवाई को लेकर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने की निंदा, बताया संविधान विरोधी कदम