बदायूं: सीएम हेल्पलाइन को समझा सामान्य कॉल, प्रधानाचार्य कर बैठे अभद्रता तो दर्ज हुई रिपोर्ट
जीरो पॉवर्टी अभियान के बारे में जानकारी करने के लिए महिला कर्मचारी ने किया था फोन

बदायूं, अमृत विचार। विकास क्षेत्र सहसवान क्षेत्र के कनगवां जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य जनार्दन शर्मा पर सीएम हेल्पलाइन पर तैनात महिला कर्मचारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला कर्मचारी ने प्रधानाचार्य को फोन करके जीरो पॉवर्टी अभियान के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया था लेकिन प्रधानाचार्य ने उसे सामान्य कॉल समझा और अभद्रता कर दी। महिला कर्मचारी ने बिसौली कोतवाली पुलिस को लखनऊ से पत्र भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जनसुनवाई के कस्टमर केयर नंबर पर तैनात महिला कर्मचारी ने 6 दिसंबर को उघैती क्षेत्र के गांव सिद्ध बरौलिया निवासी जनार्दन शर्मा को फोन किया था। वह जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाचार्य हैं और वर्तमान में बिसौली कस्बा में रह रहे हैं। फोन पर महिला कर्मचारी ने सरकार की जीरो पॉवर्टी अभियान के बारे में जानकारी करनी चाही तो प्रधानाचार्य ने सामान्य कॉल समझी और गुस्सा गए। महिला कर्मचारी से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला ने उनसे कहा कि वह सीएम हेल्पलाइन से बात कर रही है, इस तरह से बात करना सही नहीं है। प्रधानाचार्य ने गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला ने फोन काट दिया। लखनऊ से बिसौली पुलिस को पत्र भेजकर प्रधानाचार्य पर रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बिसौली के प्रभारी निरीक्षक विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानाचार्य के पास सीएम हेल्पलाइन से फोन आया था। प्रधानाचार्य ने महिला कर्मचारी से अभद्रता कर दी। रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।