सुलतानपुर: अजय राय बोले- संभल में सरकार ने किया अत्याचार

सुलतानपुर: अजय राय बोले- संभल में सरकार ने किया अत्याचार

सुलतानपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को यहां संभल हिंसा को लेकर कहा कि वहां सरकार ने अत्याचार और अन्याय किया। जिन लोगों ने वहां पर गोली चलवा कर हत्याएं कराई उन लोगों पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन अधिकारियों को जेल भेजना चाहिए। अगर यह सरकार नहीं कर पाई तो 2027 में जब हमारी सरकार बनेगी निश्चित तौर पर हम उन अधिकारियों को जेल भेजने का काम करेंगे। 

यहां मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अजय राय ने कहा कि बांग्लादेश में जो अत्याचार हो रहा है उस पर केंद्र की मोदी सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शनिवार को सुलतानपुर पहुंचे। सबसे पहले पूर्व मंत्री मोईद अहमद के शहर में बहादुरपुर रोड स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने के पश्चात कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, राष्ट्रीय मीडिया कोआर्डिनेटर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता व नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। 

पीड़ित मासूम ओसामा के घर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

मासूम ओसामा का विगत दिनों अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी गई थी। शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ओसामा के परिजन से मिले और गहरा दुख प्रकट किया। कांग्रेस नेता अजय राय ने पीड़ित परिजनों को हर संभव मदद वह न्याय का भरोसा दिलाया।  इसके बाद बहादुरपुर ग्राम पंचायत के रहने वाले वरिष्ठ कांग्रेसी नेता साबिर खान के घर शनिवार दोपहर कांग्रेस नेता अजय राय पहुंचे। जहां उन्होंने वरिष्ठ नेता साबिर खान के परिजनों से मिलकर दुख प्रकट किया। आपको बता दें कि विगत दिनों वरिष्ठ कांग्रेसी नेता साबिर खान का आकस्मिक निधन हो गया था। 

नबीपुर निवासी शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अवधेश गौतम के घर दुख प्रकट करने पहुंचे। अवधेश गौतम की पत्नी का बीते दिनों निधन हो गया था। शनिवार को उनकी 13वीं संस्कार कार्यक्रम में पहुंच कर दुख प्रकट किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुब्रत सिंह सनी, मनमून आलम, ओवैस अहमद, ओमप्रकाश दुबे, लाल पद्माकर सिंह, मानस तिवारी, पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी वरुण मिश्रा सहित दर्जनों कांग्रेसी साथ रहे। 

नगर कोतवाल का वर्दी फाड़ना असंवैधानिक

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पिछले दिनों जनहित के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हुई घटना के बारे में राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर राजेश तिवारी से जानकारी लिया। उनके संघर्ष को सराहा और कहा कि इस लड़ाई में पूरी तरह से कांग्रेस पार्टी साथ खड़ी है। पुलिस इंस्पेक्टर का इस तरह वर्दी फाड़ना पूरी तरह से असंवैधानिक है। यहां फिरोज़ ख़ान, सिराज अहमद भोला , योगेश सिंह , अरबाज़ ख़ान , दीपक सोनी, अनवर अंसारी आदि रहे। 

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र: मुख्यमंत्री फडणवीस, उपमुख्यमंत्री शिंदे और पवार ने विधानसभा सदस्य के रूप में ली शपथ