सुलतानपुर: करंट की चपेट में आकर दो किशोरों की मौत 

 शादी समारोह की खुशियां मातम में बदली 

सुलतानपुर: करंट की चपेट में आकर दो किशोरों की मौत 

धनपतगंज/सुलतानपुर,अमृत विचार। जनपद के पियरापार गांव में रविवार की देर रात चल रहे एक वैवाहिक कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम मे बदल गयी जब कार्यक्रम स्थल पर करंट की चपेट मे आने से दो बच्चों की मौत हो गयी। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया और कार्रवाई मे जुट गयी है।

पियरापार गांव निवासी विश्राम के घर लड़की की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। द्वारचार के बाद महिलाएं तकरीबन 12 बजे लावा की रश्म अदायगी के लिये घर के सामने नाचते गाते कुछ दूर गयीं तो साथ मे डीजे की धुन पर नाचने के लिये गांव के केशराम(15वर्ष) पुत्र स्व कालीदीन निषाद और साथ मे सुरजीत(15वर्ष) पुत्र स्व रामकिशोर  भी साथ हो लिये। जहां लावा मांगने की रश्म अदायगी चल रही थी, ठीक उसी के पास गिरे बिजली के तार की चपेट मे दोनो किशोर केशराम और सुरजीत आ गये, जिसके चलते मौके पर ही दोनों की मौत हो गयी। घटना से पूरे गांव मे कोहराम मच गया और शादी की खुशी मातम मे बदल गयी।

ग्रामीणों की माने तो मृतक केशराम और सुरजीत हम उम्र थे और दोनो के पिता की मौत 5वर्ष पूर्व हो चुकी है। दोनों एक ही कक्षा 6 मे पढ़ते थे और पक्के दोस्त भी थे। जो हमेशा एक साथ गांव मे घूमते फिरते नजर आते थे। आज दोनो की एक साथ मौत से समूचा गांव उनकी दोस्ती को यादकर दुखी है।

भाइयों से सबसे छोटे थे दोनों किशोर 

मृतक केशराम 5भाईयों मे सबसे छोटा और सुरजीत चार भाईयों मे सबसे छोटा था। केशराज की मां क्राती देवी,और सुरजीत की मां सीतापती बेटे की आक्समिक मौत से सदमें मे हैं। परिवार और गांव मे कोहराम मचा हुआ है।

क्या कहते है थानाध्यक्ष

धनपतगंज थाना प्रभारी पंडित त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है। बिजली के करंट से दोनो बच्चों की मौत हो गयी है। बिजली का तार किसने दौड़ाया था,इसकी छानवीन की जा रही है। विधिक कार्यवाही जारी है।

यह भी पढ़ें: श्रावस्ती में बाढ़ का कहर, नेपाल के पानी ने काटी टू लेन सड़क, आवागमन ठप