अंबेडकरनगर: गर्मी की छुट्टियां खत्म, परिषदीय विद्यालयों में लौटी रौनक

अंबेडकरनगर: गर्मी की छुट्टियां खत्म, परिषदीय विद्यालयों में लौटी रौनक

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद पुन: नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ होने से माहभर से सूनसान पड़े जनपद के 1582 परिषदीय विद्यालयों में चहल पहल शुरू हो गयी है। शुक्रवार को विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं का शिक्षकों ने माथे पर तिलक और पुष्प से भव्य स्वागत किया। 

जनपद के परिषदीय विद्यालयों को गुब्बारों और फूलों से सजाया गया था। शासन के निर्देश पर मध्याह्न भोजन में खीर और हलुआ परोसा गया। विद्यालयों में आयोजित समर कैंप में रंगोली आदि से सजाया गया। शिक्षकों की निगरानी में लगे समर कैंप में पर्यावरण से संबंधित रंगोली बनाकर बच्चों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। अकबरपुर नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय अफजलपुर में पहले दिन बच्चों के आगमन पर शिक्षकों ने विद्यालय को फूल और गुब्बारों से सुसज्जित किया और विद्यालय आए हुए बच्चों का तिलक और पुष्प से स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य खुर्शीद आलम, सीता देवी, गीता यादव, शालिनी पटेल, अर्चना पांडये समेत अन्य स्टॉफ मौके पर मौजूद रहा। जलालपुर क्षेत्र के नगपुर विद्यालय में शहनाज फातमा के नेतृत्व में शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों का स्वागत किया गया। इसी तरह से जगतूपुर बिल्टई, मालीपुर, धवरुआ, पहितीपुर, आशाजीतपुर अहिरान में भी बच्चों का स्वागत किया गया। प्रधानाध्यापक अरविंद यादव ने मध्याह्न भोजन में नौनिहालों को हलुआ परोसा।

बच्चों को जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी पुस्तकें 
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कक्षा एक और दो के लगभग 46 हजार छात्रों को नई पुस्तकें भी जल्द मिल जाएंगी। ग्रीष्मावकाश के बाद शुक्रवार से एक बार फिर से परिषदीय विद्यालय खुल गए हैं। जिसमें पढऩे वाले दो लाख चार हजार छात्र-छात्राओं को नई ड्रेस और कक्षा एक और दो के हिंदी, अंग्रेजी व उर्दू मीडियम के 45 हजार 919 छात्र-छात्राओं को एनसीईआरटी की नई पुस्तकें भी जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी।  

बीएसए बोले
बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एक जुलाई को विद्यालयों को भव्य ढंग से सजाया जाएगा। विद्यालय में प्रवेश करने वाले छात्र-छात्राओं का मुख्य गेट पर पुष्पवर्षा के साथ चंदन रोली लगाकर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 जून तक विद्यालय का समय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर 1:30 तक रहेगा। वहीं एक जुलाई से सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक विद्यालय का संचालन किया जाएगा। अभिभावकों और बच्चों को जागरूक करने के लिए 28 जून से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें -श्रावस्ती: अजय कुमार पांडे अध्यक्ष व हरीश कुमार यादव बने महामंत्री