बरेली: बीसलपुर के विकास को चेयरमैन ने मुख्यमंत्री से कई मुद्दों पर की बात

क्षतिग्रस्त नालों और जर्जर सड़कों के सुधार के लिए धनराशि स्वीकृति की रखी मांग

बरेली: बीसलपुर के विकास को चेयरमैन ने मुख्यमंत्री से कई मुद्दों पर की बात

बीसलपुर/बरेली, अमृत विचार। नगर के विकास को गति देने के लिए चेयरमैन शशि जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार और चेयरमैन पति भाजपा नेता अमन जायसवाल उर्फ निक्की भी साथ रहे। नगर में नेशनल हाईवे की ओर से तोड़े गए नालों व सड़कों की समस्या से अवगत कराने के साथ ही विकास कार्य के लिए धनराशि स्वीकृति की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री से आश्वासन भी मिला है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने लखनऊ में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को बताया कि नेशनल हाईवे की तरफ से बीसलपुर पीलीभीत मार्ग पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पालिका के पुराने नालों को तोड़ दिया गया है। कुछ नाले काफी पुराने व क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जल निकासी की समस्या बनी हुई है। मानसून नजदीक है। ऐसे में नालों का निर्माण करना नितांत आवश्यक है। नगर में कई सड़कों की हालत खराब है। 

बारिश होने पर नालों का पानी सड़कों पर भरने से आवागमन प्रभावित हो जाता है इसलिए इस समस्या का समाधान कराने की मांग की। नालों व सड़कों का निर्माण करने के लिए पर्याप्त धनराशि स्वीकृत करने का आग्रह किया। उन्होंने नगर के तालाबों का सौंदर्यकरण कराने व पार्क का निर्माण करने के लिए धनराशि स्वीकृत करने का भी आग्रह किया।मुख्यमंत्री ने विकासकार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत करने का आश्वासन दिया। 

प्रदेश के गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने भी मुख्यमंत्री को बीसलपुर क्षेत्र की कई समस्याओं से अवगत कराते हुए उनका निस्तारण कराने की मांग की। लखनऊ से लौटकर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नाला निर्माण, सड़क निर्माण व तालाबों का सौंदर्य करण करने के लिए धनराशि स्वीकृत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए हैं। इस संबंध में प्रमुख सचिव को भी निर्देशित किया गया है। नालो व सड़कों के निर्माण व तालाबों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव पहले ही शासन भेजा जा चुका था।

ये भी पढ़ें- बरेली: जंक्शन पर कुंभ और अवध असम निरस्त होने पर कैंट स्टेशन दौड़े यात्री