मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई, अनीस राजा पर दर्ज है सात मामले, पुलिस ने बताया दबंग
जेसीपी कानून-व्यवस्था के कार्यालय से जारी हुआ नोटिस

लखनऊ, अमृत विचार। कमिश्नरेट पुलिस ने मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई लोकसभा चुनाव के परिणाम आने के दूसरे दिन की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था के कार्यालय से अनीस को नोटिस जारी किया गया है। जिसमें उन पर दर्ज सात मुकदमों का जिक्र किया गया है। रविवार को आलमबाग पुलिस ने इस नोटिस को तामील कराया। इसके बाद अनीस ने अपने फेसबुक पर सरकार को डरा हुआ बताते हुए एक पोस्ट भी अपलोड किया है।
पुलिस की तरफ से जारी नोटिस में अनीस को लखनऊ के दबंग, मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति होने की बात कही। अनीस के खिलाफ सरकारी कर्मचारियों को धमकाने, सरकारी काम में बाधा डालने के कई मामले दर्ज हैं। इनके आपराधिक काम से लोगों में दहशत है। लोग थाने में कोई रिपोर्ट लिखाने व गवाही देने का साहस नहीं करते है। जिसके चलते कार्रवाई की गई। अनीस राजा पर आलमबाग, बाजारखाला, हजरतगंज, कैसरबाग कोतवाली में मामले दर्ज हैं। वहीं, कई मामले ऐसे हैं जिसमें लोग अनीस राजा के खिलाफ रिपोर्ट लिखने के लिए तैयार नहीं है।
पड़ोसी को पीटा, चौकी पर किया प्रदर्शन
पुलिस के मुताबिक अनीस ने 9 जून 2022 को रात 10:30 बजे अपने पड़ोसी मोहम्मद सारिक से गाली गलौज व मारपीट की थी। जिसको बचाने उसका परिवार आया तो उनकी भी अपने साथियों संग मिलकर पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। 13 जून 2022 शाम 4:30 बजे महानगर सपा अध्यक्ष सुशील दीक्षित के साथ मिलकर अपने 40-50 सहयोगियों को लेकर ऐशबाग चौकी का गेट जाम कर धरना प्रदर्शन व नारेबाजी किया था।
फेसबुक पर पोस्ट अपलोड कर कहा डर गई है भाजपा
कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई के बाद मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा ने फेसबुक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा। उन्होंने लिखा लोकसभा चुनाव में मिली हार और डरी हुई भाजपा सरकार की बौखलाहट का एक और प्रमाण, मुकदमे चाहे जितने लगा दो संघर्ष रुकेगा नहीं। अनीस राजा की सपा में अच्छी पैठ मानी जाती है। वह अखिलेश यादव के साथ ही शिवपाल सिंह यादव और धर्मेंद्र यादव के करीबी माने जाते हैं। पार्टी में संगठन के लिए संघर्ष करने वाले नेताओं में उनका नाम लिया जाता है।
साढ़े तीन साल से हैं प्रदेश अध्यक्ष
अनीस राजा को जनवरी 2020 में अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। उसके बाद से ही वो लगातार संगठन के लिए काम कर रहे हैं। युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में बैठकें करते रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में बड़ी संख्या में युवा सपा के साथ आए।
यह भी पढ़ें:-UP News: राज्यपाल ने खारिज की 31 दया याचिकाएं, 14 स्वीकार, 1 जनवरी से अब तक दया के लिए 45 आवेदन पहुंचे