ब्राह्मणों में नाराजगी नहीं, लोग फैला रहे अफवाह :ब्रजेश पाठक
उप मुख्यमंत्री पहुंचे चित्रकूट, बनाएंगे रणनीति

चित्रकूट, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का कहना है कि बांदा-चित्रकूट लोकसभा सीट पर पार्टी प्रत्याशी भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि यहां प्रत्याशी के खिलाफ ब्राह्मण समाज में कोई नाराजगी नहीं है, लोग अफवाहें फैला रहे हैं।
शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचे। बेड़ी पुलिया में नवीन बस अड्डे पर बने हेलीपैड में भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। पत्रकारों से बात करते समय पाठक पूरे प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत के प्रति आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि लोग सपा शासन में गुंडई को भूले नहीं है और कांग्रेस को लोगों ने भ्रष्टाचार की वजह से पहले ही नकार दिया है। उन्होंने कटाक्ष किया कि पहले भी दो लड़कों की जोड़ी सुपर फ्लाप साबित हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हैं। दावा किया कि बांदा-चित्रकूट सीट पर किसी की कोई नाराजगी नहीं है। पूरे प्रदेश में ब्राह्मण समाज एकजुट है और भारतीय जनता पार्टी के साथ है। इस प्रकार की जो अफवाह फैला रहे हैं, इसका मैं जोरदार खंडन करता हूं। मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाएं जनजन तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी इंडी गठबंधन ज्वाइंट मीटिंग के नाम पर सिर्फ प्रेस कांफ्रेंस की औपचारिकता कर रहा है।
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि प्रदेश की सभी 80 सीटों पर भाजपा जीतेगी। लोगों का भरोसा भाजपा पर बढ़ रहा है। राहुल को वायनाड में हार दिखी तभी पलटकर रायबरेली आए हैं पर वहां से भी हारेंगे। राहुल के साथ जनता नहीं है। उप्र में पार्टी का नामोनिशान नहीं है। सपा सरकार में बुंदेलखंड में ट्रेन से पानी मंगाना पड़ता था, आज मोदीजी की कृपा से गांव गांव पानी की टंकियां बन रही हैं और घरघर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कौशांबी पर इस बार भी भारी बहुमत से जीत का दावा किया।
ये भी पढ़ें -रामलला के दर्शन से ही जीवन धन्य होगा : कोविंद