मुरादाबाद : वीजा के नाम पर दिल्ली में गंवाए रुपये, अपमानित होकर लौटे घर...आरोपी महिला ने की जालसाजी

मोहम्मद शफीक भाई-बेटे के साथ वीजा लेने पहुंचे थे दिल्ली, आरोपी महिला ने की जालसाजी

मुरादाबाद : वीजा के नाम पर दिल्ली में गंवाए रुपये, अपमानित होकर लौटे घर...आरोपी महिला ने की जालसाजी

मुरादाबाद, अमृत विचार। बेटे को रोजगार के लिए सऊदी अरब भेजने के चक्कर में पीड़ित ने वीजा के नाम पर रुपये गंवा दिए हैं और जालसाजों से अपमानित होना पड़ा है। मो. शफीक बेटे मुकीम को सऊदी अरब भेजना चाहते थे। उसके लिए ऑफिस ड्राइवर वीजा के लिए वह दिल्ली में एक महिला के संपर्क में आ गए थे। वीजा में लंबी प्रक्रिया के चलते पीड़ित कई बार अकेले और बेटे के साथ ही दिल्ली गया। तमाम खर्चे हुए, लेकिन उसे ड्राइवर वीजा नहीं मिल पाया। हाउस ड्राइवर का वीजा देकर महिला ने भरोसा दिया कि बाद में देखा जाएगा। फिलहाल, इस मामले में पीड़ित पक्ष ने मुगलपुरा थाने में मामला दर्ज कराया है। आरोपी उम्मे कुलकुस करीम उर्फ शरीन पत्नी इफ्तेखार करीम को नामजद किया है। यह महिला नई दिल्ली की रहने वाली है।

पीड़ित मो. शफीक ने बताया कि वह जामा मस्जिद बरबलान में चामुंडा गली नंबर-एक के निवासी हैं। बेटे मो. मुकीम को रोजगार के सऊदी अरब भेजना चाह रहे थे। उसके वीजा के लिए उन्होंने दिल्ली के एक ऑफिस में संपर्क किया था, जहां उन्हें उम्मे कुलकुस करीम उर्फ शरीन मिली थी। इस महिला ने उन्हें भरोसा दिया था कि एक महीने में मो. मुकीम को अल मोईन कंपनी का वीजा लाकर सऊदी अरब भेज दिया जाएगा। इसमें उस महिला ने उन्हें कुल 1.10 लाख रुपये खर्च बताया था।

इस पर पीड़ित पक्ष ने 48,000 रुपये उसे दिए थे। इन दिए गए रुपयों में से 20,000 रुपये मुकीम की पत्नी अर्शीराना के गूगल-पे से 28 जून 2023 को महिला के खाते में भेजे थे। खाते में रुपये पहुंचने पर आरोपी महिला ने मो. शफीक से ये कहकर उनके बेटे का पासपोर्ट ले लिया था कि जो वीजा आप चाह रहे हो, वह पासपोर्ट के अनुसार ही मिलेगा। 

शफीक ने बताया कि उनसे महिला ने कहा, वीजा लगते ही आपके बेटे का पासपोर्ट वापस कर देगी। फिर महिला ने फोन कर वीजा बनने की खबर दी थी। उसने शफीक से कहा था कि 13 सितंबर 2023 को आइए और पासपोर्ट व वीजा ले जाइए। मो. शफीक बेटे मुकीम के साथ दिल्ली पहुंचे थे और वहां रह रहे चचेरे भाई तसब्बुर अली को साथ लेकर महिला के ऑफिस पहुंचे। यह ऑफिस नई दिल्ली में कंसलटेंसी सराय जुलैना में है। महिला ने उनसे कहा था, आपने कंपनी ड्राइवर का जो वीजा मांगा था, उसकी व्यवस्था नहीं हो पाई है। उसके बदले हाउस ड्राइवर का वीजा दिखाकर कहने लगी कि कुछ समय तक आपको इसी वीजा पर काम करना होगा, उसके बाद फिर प्रयास करेंगे। 

मो. शफीक ने अपने बेटे को हाउस ड्राइवर के वीजा पर सऊदी अरब भेजने से इनकार कर दिया। जिस पर महिला ने पीड़ित पक्ष के साथ गाली-गलौज की और धक्का देकर ऑफिस से निकाल दिया। इस मामले में मुगलपुरा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी महिला के विरुद्ध एफआईआर दर्ज जांच कर कार्रवाई करेंगे।

ये भी पढ़ें: मुरादाबाद : स्टेटस सिंबल बन गया सोशल मीडिया, हर गतिविधि कर रहे शेयर...साइबर ठगों की इन देशों से आ रही हैं कॉल, जानें कंट्री कोड

ताजा समाचार