मुरादाबाद : श्रमिकों की ई-रिक्शा में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, दो की मौत

नयागांव हड्डी मिल के पास मजदूरी कर गांव गजगोला नानकबाड़ी लौट रहे थे श्रमिक, बुद्धि विहार में हर्बल पार्क के समीप हुआ हादसा, भाग गया ट्रैक्टर-ट्राली चालक

मुरादाबाद : श्रमिकों की ई-रिक्शा में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, दो की मौत

मुरादाबाद, अमृत विचार। नया गांव में हड्डी मिल के पास मजदूरी कर वापस लौट रहे श्रमिकों के ई-रिक्शा में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइड से टक्कर मार दी। इसमें दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा शाम चार बजे के दौरान मझोला थाना क्षेत्र में बुद्धि विहार फेज-2 में नोदी एक्सपोर्ट के पीछे हर्बल पार्क के समीप गोल चक्कर के पास हुआ है। ई-रिक्शा पर चालक समेत कुल 5 लोग सवार थे। उधर, घटना की खबर मिलते ही मजदूर परिवारों में कोहराम मचा है। गांव के काफी लोग घटनास्थल पर पहुंचे थे।

ई-रिक्शा चालक व सभी मजदूर पाकबड़ा थाना क्षेत्र के नया गांव गजगोला नानकबाड़ी के रहने वाले थे। ये सभी नयागांव में स्थित गंगा फैक्ट्री में पैकिंग का काम करते थे। काम समाप्त करने के बाद गांव के ही ई-रिक्शा पर सवार होकर वह लोग घर लौट रहे थे। ई-रिक्शा राजकुमार चला रहे थे। इसमें इनका बेटा मोहित भी सवार था। घटना में श्रमिक करन सिंह (50) पुत्र बाबू सिंह और राजू (45) पुत्र सुमेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर थानाध्यक्ष कमलेश कांत वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे थे।

पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इन घायलों में ई-रिक्शा चालक राजकुमार व उनका बेटा मोहित व एक अन्य श्रमिक है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहित की हालत काफी नाजुक है। प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे हॉयर सेंटर के लिए रेफर किया है। उधर, परिजनों ने बताया कि घायल राजकुमार की भी हालत गंभीर बनी हुई है। राजकुमार व इनके बेटे को जिला अस्पताल से लाकर टीएमयू में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा में साइड से टक्कर मारी थी। मृत हुए दोनों श्रमिक के सिर में चोट थी। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भाग गया था। इस मामले में मृतक के परिजन की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज करेंगे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: प्लॉट खरीद-फरोख्त में 19 लाख की ठगी, सदमे में चली गई थी पिता की जान