अयोध्या: शहर का पहला केस, 11 घंटे में बना ट्रांसफार्मर का उड़ा फेस, पूरी रात गर्मी से बिलबिलाई 11 हजार की आबादी

अयोध्या: शहर का पहला केस, 11 घंटे में बना ट्रांसफार्मर का उड़ा फेस, पूरी रात गर्मी से बिलबिलाई 11 हजार की आबादी

अयोध्या, अमृत विचार। पावर कारपोरेशन के आला अधिकारियों की नाक के नीचे और अबाध आपूर्ति के तमाम दावों के बीच ट्रांसफार्मर के उड़े फेस को बनाने में 11 घंटे से ज्यादा समय लगने का बड़ा मामला सामने आया है। कैंट अंजनीपुरम विघुत उपकेंद्र के अधीन शक्ति विहार कालोनी की करीब 11 हजार की आबादी रात भर जल बिन मछली की तरह तड़पती रही। बुधवार रात दस बजे उड़ा फेस गुरुवार सुबह आठ बजे दुरुस्त किया जा सका।

अभी तक ट्रांसफार्मर बदलने और क्षतिग्रस्त लाइन दुरुस्त करने में लापरवाही और समय लगने का मामला सामने आता था अब एक ट्रांसफार्मर के उड़े फेस को लेकर हद दर्जे की उदासीनता सामने आई है। बताया जाता है कि बुधवार रात पौने दस बजे के करीब देवकाली रोड पर शक्ति विहार कालोनी को आपूर्ति देने वाले ट्रांसफार्मर का एक फेस उड़ गया। रात 11 बजे तक लोग इंतजार करते रहे आपूर्ति नहीं आई। जब उप केन्द्र से संपर्क साधा गया तो पता चला चौराहे पर लगे ट्रांसफार्मर का फेस उड़ गया है अभी ठीक करा दिया जायेगा। 

रात एक बजे तक भी फाल्ट नहीं दुरुस्त हुई तो परेशान लोगों ने फिर संपर्क साधा लेकिन फिर भी कोई कर्मचारी फेस दुरूस्त करने नहीं पहुंचा। भीषण गर्मी में सारी रात लोगों ने कालोनी में टहल और छत पर बिताई। लोगों के घरों के इनवर्टर ने भी जवाब दे दिया। जिनके यहां जनरेटर थे उन्होंने भी तेल फूंक किसी तरह गुजारा किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार आठ बजे सप्लाई चालू हुई। 

सबसे बड़ी बात यह है कि ट्रांसफार्मर के उड़े एक फेस को दुरुस्त करने में रात से सुबह हो गई जबकि यह मात्र दस मिनट में शट डाऊन लेकर बदल दिया जाता है। गुरुवार दोपहर जब कैंट अंजनीपुरम विघुत उपकेंद्र से पूछा गया तो बताया गया कि सुबह लाइन चालू कर दी गई है। रात भर क्यों नहीं काम हो सका के सवाल पर बताया गया कि स्टाफ कम था इसलिए देर हुई।

यह भी पढ़ें:-बसपा ने यूपी में गोंडा समेत 6 उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान, कैसरगंज से नरेंद्र पांडेय को दिया टिकट