व्यापार संगठन ने की अवैध साप्ताहिक बाजार को हटाने की मांग, कहा- शहर में फर्राटे भर रहे अवैध ई-रिक्शाओं पर भी लगे अंकुश

व्यापार संगठन ने की अवैध साप्ताहिक बाजार को हटाने की मांग, कहा- शहर में फर्राटे भर रहे अवैध ई-रिक्शाओं पर भी लगे अंकुश

महापौर व अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपते उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विपिन गुप्ता व अन्य पदाधिकारी व व्यापारी

मुरादाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारी सोमवार को पीलीकोठी स्थित महापौर व नगर आयुक्त के शिविर कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने महापौर विनोद अग्रवाल व अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार को नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मंगलवार को बुद्ध बाजार, टाउनहॉल, के अंतर्गत लगने वाले अवैध बाजार को बंद कराने की मांग की। इसके अलावा महानगर में संचालित अवैध ई रिक्शा को रोकने और कारवाई करने के लिए कहा।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन गुप्ता ने कहा कि टाउनहॉल पर मंगल का बाजार अवैध रूप से लगता है। यहां बाहर के व्यापारी आते हैं। जिससे स्थानीय व्यापारियों को नुकसान होता है। इसको नगर निगम प्रशासन तत्काल बंद कराए अन्यथा बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे। वहीं उन्होंने कहा कि व्यापारियों की मांग है कि महानगर में चलने वाले अवैध ई-रिक्शा का संचालन रोका जाए। इनके चलते बुध बाजार सहित अन्य बाजारों में जाम लगता है। जिससे व्यापारियों के साथ नागरिकों को भी परेशानी होती है। उन्होंने कहा एक तरफ केंद्र सरकार मुरादाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। तो वहीं दूसरी तरफ टाउनहॉल से अमरोहा गेट, गंज बाजार तक लोगों ने अवैध बाजार लगा रखा है। जो को स्मार्ट सिटी के नाम पर धब्बा है। 

उन्होंने कहा की अवैध बाजार लगने की स्थिति में वहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर किसी आपातकाल स्थिति में फायर ब्रिगेड या एंबुलेंस की गाड़ी उधर से निकलना चाहे तो घंटों तक उसको रास्ता नहीं मिलता। उन्होंने बताया की इसके अलावा स्कूली बच्चे भी कई बार घंटों जाम में फंसे रहते हैं। उन्होंने मांग की है की शहर में बिना अनुमति और निर्धारित रूट तय किए हुए दौड़ रहे ई - रिक्शा के साथ अवैध रूप से लगने वाले साप्ताहित बाजार पर प्रतिबंध लगाएं या कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, जिससे आम आदमी के साथ ही व्यापारियों को राहत मिले। उन्होंने आरोप लगाया की इससे पहले भी कई बार व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस में शिकायत की। लेकिन, कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

अंत में व्यापारियों ने महापौर और अपर नगर आयुक्त प्रथम से कारवाई की मांग की। इस दौरान प्रदेश मंत्री अरविंद अग्रवाल, सुनील कत्याल महानगर अध्यक्ष, सुनील अग्रवाल महामंत्री, संजय अग्रवाल, दीपक कत्याल, मूलचंद चौहान, मोहित खन्ना सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : तंग गलियों में मुश्किल है आग पर काबू पाना, असालतपुरा की घटना याद कर खड़े हो जाते हैं रोंगटे