रामपुर: हल्की बूंदाबांदी से किसानों की बढ़ी धड़कन, मांगी दुआएं

रामपुर: हल्की बूंदाबांदी से किसानों की बढ़ी धड़कन, मांगी दुआएं

रामपुर, अमृत विचार। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने और अपराह्न में करीब साढ़े तीन बजे हल्की बूंदाबांदी से किसानों की धड़कन बढ़ गई। जिले में करीब 30 प्रतिशत किसानों की गेहूं की फसल गुहाई के लिए खेतों में खड़ी है। हालांकि, बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिली है। पारा लुढ़क कर 31डिग्री सेल्सियस तक आ गया। 

मौसम वैज्ञानिक डॉ. उदय प्रताप शाही की माने तो मंगलवार को कहीं-कहीं संभावित बूंदाबांदी के बाद अगले पांच दिन 28 अप्रैल तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने, लू चलने के साथ गर्मी बढ़ने के आसार हैं।  

वर्षा की बात सुनकर किसानों की धड़कन बढ़ रही है। क्योंकि खेतों में गेहूं की फसल या तो खड़ी है या फिर कटी हुई पड़ी है। बारिश से खेतों में  गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचने का अनुमान है। जबकि, किसान रब से दुआ कर रहे हैं कि बारिश नहीं हो क्योंकि, खेतों में गेहूं की फसल की कटाई हो रही है। बारिश होने से फसल को भारी नुकसान होने की संभावना है। 

मंगलवार को दोपहर से आसमान में बादल छाए रहे, अपराह्न में तेज आंधी के बीच हल्की बूंदाबांदी हुई। आसमान में बादलों को देख किसानों के दिल की धड़कन बढ़ी रही। जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल बताते हैं कि जिले में 30 प्रतिशत गेहूं की फसल खेतों में खड़ी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चार-छह दिन में गेहूं की फसल कट जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में गेहूं का रकबा एक लाख 42 हजार हेक्टेयर है। 

उन्होंने बताया कि करीब 80 प्रतिशत गेहूं की फसल की कटाई कंबाइन से हुई है। खड़ी हुई फसल की कटाई कंबाइन से भी हो रही है। जबकि, छोटे मझोले किसान गेहूं की फसल थ्रेशर से निकाल रहे हैं। किसान राम सिंह ने बताया कि आसमान में बादल देख किसान का कलेजा कांप जाता है। क्योंकि, गेहूं की फसल बहुत मेहनत से पलती है और किसानों का सोना कहे जानी वाली इस फसल से किसान अपना कर्ज उतारता है और बाकी घरेलू कार्य करता है।

हाल-ए-मौसम
अधिकतम तापमान- 31 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 22डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता- 24 प्रतिशत
वायु वेग-13 किमी.प्रति घंटा

 मंगलवार को कहीं-कहीं संभावित बूंदाबांदी के बाद अगले पांच दिन 28 अप्रैल तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने के अलावा लू चलने के आसार हैं। मौसम शुष्क रहने से तापमान भी बढ़ेगा। दिन का तापमान 38 से 43 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है।- डॉ. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक कृषि विश्वविद्यालय मेरठ

ये भी पढे़ं- रामपुर: घर पहुंचा टीएमयू के छात्र नदीम मलिक का शव, मचा कोहराम