हल्द्वानी: लोकसभा चुनाव के लिए मतदान कल, तैयारियां पूरी...

हल्द्वानी: लोकसभा चुनाव के लिए मतदान कल, तैयारियां पूरी...

हल्द्वानी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के लिए जनपद नैनीताल में (आज) मतदान होना है। मतदान संपन्न कराने के लिए शेष 953 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां गुरुवार को रवाना हो गई हैं जबकि दूरस्थ बूथों के लिए 57 पोलिंग पार्टियां बुधवार को रवाना हुईं। 

गुरुवार की सुबह 7 बजे से ही विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियां एमबीपीजी कॉलेज पहुंचना शुरू हो गईं। सुबह 8 बजे के बाद चुनाव कार्मिकों को विधानसभा क्षेत्रवार ड्यूटी वितरित की जाने लगी। कर्मचारियों की सुविधा के लिए कई टेबल बनाई गई थीं। यहां से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम, वीवीपैट, अन्य चुनावी प्रपत्र वगैरह दिए गए। पोलिंग पार्टियों को बूथों पर ठहरने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।

भोजन, बिस्तर सेट से लेकर सभी सुविधाएं दी जा रही हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम वंदना सिंह ने सभी पोलिंग पार्टियों को शुभकामनाएं दीं और मतदान निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। 

उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए जनपद नैनीताल के 1010 बूथों पर मतदान होना है। सभी बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। 57 दूरस्थ बूथों के लिए बुधवार और 953 बूथों के लिए गुरुवार को पोलिंग  पार्टियां रवाना हुईं। सभी पार्टियां देर रात तक सुरक्षित ढंग से बूथों पर पहुंच गई हैं। जिले में 800119 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 415657 पुरुष, 384446 महिला और 16 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। सभी बूथों पर मतदान और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 

नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में
नैनीताल-ऊधम सिंह नगर संसदीय सीट पर 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें भाजपा से अजय भट्ट, कांग्रेस से प्रकाश जोशी, बसपा से अख्तर अली, उक्रांद से शिव सिंह, अखिल भारतीय परिवार पार्टी के अखलेश कुमार, पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रटिक) अमर सिंह सैनी, भारत की लोक जिम्मेदार पार्टी से जीवन चंद्र उप्रेती, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से सुरेंद्र सिंह उम्मीदवार हैं।  इन सभी उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला आज होगा। 

विधानसभा क्षेत्र                    शहरी                            ग्रामीण
लालकुआं                             29                               113
भीमताल                               7                                150
नैनीताल                              48                                117
हल्द्वानी                              183                               -
कालाढूंगी                           101                               116
रामनगर                              45                               101
कुल                                  413                               597
(नोट :- यह आंकड़ा जिला सूचना विभाग की ओर से दिया गया है)

हल्द्वानी में चार बूथ हैं अलग
निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक सर्वाधिक युवा मतदाता वाला बूथ एमबी इंटर कॉलेज कक्ष संख्या-1, सखी बूथ राजकीय प्राथमिक विद्यालय जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा हैं यहां सर्वाधिक 668 महिला मतदाता हैं। दिव्यांग बूथ कुष्ठ आश्रम में बना है जहां 66 दिव्यांग मतदाता और यूनिक बूथ राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमौरी हल्द्वानी हैं जहां 25 बुजुर्ग मतदाता हैं।  

ईवीएम-पोलिंग पार्टी ले जाने-लाने वाले वाहनों की लगातार निगरानी की जाए

सामान्य प्रेक्षक गगनदीप सिंह बरार ने गुरुवार को एमबीपीजी कॉलेज स्थित चुनाव कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम और पोलिंग पार्टियों की आवाजाही में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने जनपद के 505 बूथों पर वेब कास्टिंग में कैमरे को सही ढंग से संचालन, सुचारु रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए। इस तरह वीडियोग्राफी की जाए कि मतदान की गोपनीयता बनी रहे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान, नोडल अधिकारी एमसीएमसी शिव चरण द्विवेदी मौजूद रहे।

जनपद में 1010 बूथों पर मतदान के लिए तैयारियां पूरीं : डीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम वंदना सिंह ने गुरुवार को एमबीपीजी कॉलेज स्थित मीडिया सेंटर में चुनाव की तैयारियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद में 1010 बूथों के लिए 1010 पोलिंग पार्टियां और 110 पार्टियां रिजर्व में हैं। इस तरह कुल 1120 पोलिंग पार्टियां लगाई गई हैं। चुनाव में कुल 4490 अधिकारी-कर्मी लगाए गए हैं, इनमें 225 महिला कर्मी हैं जो सखी बूथों पर बतौर स्टाफ तैनात की जाएंगी। जनपद में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक आदर्श, सखी, दिव्यांग बूथ बनाए गए हैं।

ईवीएम व पोलिंग पार्टियों की आवाजाही के लिए 300 बसें व 186 छोटे कुल 486  वाहन लगे हैं। सभी वाहन जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से लैस है ताकि वाहनों की निगरानी हो सके।  उन्होंने बताया कि 505 बूथों पर वेबकास्टिंग होगी। इनमें कैमरे लगाकर चेक कर लिए गए हैं। इनसे लाइव स्ट्रीमिंग होगी, जिसका डिस्प्ले सीधे कंट्रोल रूम व डीएम कार्यालय में होगा। क्रिटिकल व  वल्नरेबल बूथों पर 183 माइक्रो ऑब्जर्वर व 39 रिजर्व में हैं। जनपद में 18 बूथ ऐसे हैं जहां नेटवर्क नहीं है वहां पुलिस के रेडिया सेट और आपदा प्रबंधन का वायरलैस सेट लगाया गया है ताकि हर दो घंटे की अपडेट मिलती रहे। 
डीएम ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। 3361 पुलिस कर्मी के अतिरिक्त 2 कंपनी पीएसी, 7 कंपनी सीएपीएफ की लगाई गई है। 1010 बूथों के लिए 1010 के अतिरिक्त 488 ईवीएम रिजर्व में है। पैदल जाने वाले बूथों पर ईवीएम एडवांस में भेज दी गई है। कुल 3932 ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया। जबकि 3781 कर्मी ने ईडीसी डाउनलोड किया है। इसकी मदद से वे जिन बूथों पर तैनात हैं उसी बूथ पर मतदान कर सकते हैं।

शराब की दुकानें 17 अप्रैल की शाम 5 बजे से 19 अप्रैल की शाम 6 बजे तक बंद रहेंगी। आचार संहिता लागू होने के बाद 7014 शस्र जमा कराए गए। उन्होंने बताया कि प्रचार प्रसार के लिए 358 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 37 आवेदक ने निरस्त किए 283 को अनुमति दी गई और 38 रिजेक्ट कर दिए गए। सी-विजिल एप समेत विभिन्न माध्यमों से 714 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें 11 सही नहीं पाई गई और 303 का निस्तारण कर दिया गया। अभिकर्ता बूथ से 200 मीटर की दूरी पर बस्ता लगाएंगे। 

मीडिया के वाहनों पर नहीं है रोक
एमसीएमसी नोडल अधिकारी शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि 19 अप्रैल को मतदान वाले दिन मीडिया प्रतिनिधियों एवं समाचार पत्र के बंडलों को ले जाने वाले वाहनों पर कोई प्रतिबंध नही होगा। मीडिया को निर्वाचन आयोग की ओर  से कवरेज पास निर्गत किए हैं। स्वयं के वाहनों से कवरेज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मीडिया वाहनों में कोई चुनाव सामग्री अथवा अन्य सामग्री ले जाने पर पाबंदी रहेगी। इसका उल्लघंन करने पर  नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।  

वाहनों की लोकेशन ट्रेस नहीं होने से नाराज हुईं डीएम
डीएम वंदना सिंह ने गुरुवार को चुनाव में लगे वाहनों पर जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से वाहनों की लोकेशन देखने पहुंचीं। उन्होंने रैंडम ही एक गाड़ी की लोकेशन दिखाने को कहा लेकिन वहां मौजूद तकनीकी स्टाफ वाहन की लोकेशन ट्रैक नहीं कर सका। इस पर डीएम नाराज हो गईं उन्होंने एआरटीओ की फटकार लगाई।

 उन्होंने कहा कि जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से वाहनों की लोकेशन पता करने में तकनीकी अड़चनों के बारे में पूछा जा रहा है लेकिन कोई जवाब नहीं दिया। धरातल पर तकनीकी स्टाफ की कमी से वाहन की लोकेशन ट्रैक नहीं हो पा रही है जो कि गलत है। उन्होंने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि परिवहन विभाग को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाए। उन्होंने एआरटीओ से तुरंत प्रभावी कार्रवाई के लिए कहा ताकि शुक्रवार को मतदान के  बाद वाहनों की वापसी की लोकेशन ट्रेस हो सके। 

जरूरी काम से आने-जाने वाले वाहनों को मिलेगी राहत
एमसीएमसी नोडल अधिकारी शिवचरण द्विवेदी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आमजन को आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में कोई परेशान नहीं हो इसके लिए आवागमन कर सकते हैं, उनके वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। उन्होंने जनता से सिर्फ जरूरी काम होने पर ही निकलने की अपील की है।