प्रतापगढ़: फंदे पर लटकता मिला विवाहिता का शव, पति समेत चार पर हत्या का केस दर्ज
मायके पक्ष की मौजूदगी में कराया गया शव का पोस्टमार्टम
प्रतापगढ़/अमृत विचार। कोतवाली देहात के सराय बहेलिया गांव में सोमवार की रात विवाहिता फंदे से झूलती मिली। मौत के बाद पुलिस ने मंगलवार को पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मायके पक्ष की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
वाराणसी जनपद के कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह कालिका बाजार की रहने वाली 24 वर्षीय नीलम पुष्पाकर की शादी 10 फरवरी 2023 को सराय बहेलिया निवासी राहुल पुष्पाकर के साथ हुई थी। राहुल घर पर ही रहकर कोरियर का काम करता है। सोमवार की शाम करीब सात बजे विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटकता मिला। ग्राम प्रधान ने मायके वालों को सूचित किया गया।
मायके वालों ने पुलिस को जानकारी दी। कोतवाली देहात पुलिस ने शव को बाहर निकाला। सोमवार की देर रात मृतका के मायके वाले बेटी के घर पहुंच गए। उनकी मौजूदगी में सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले। मृतका के भाई राजन का आरोप है कि शादी के तीन महीने बाद से ही ससुराल वाले बहन को प्रताड़ित करना शुरू कर दिए थे। मामले की शिकायत पूर्व में कपसेठी थाने में की गई थी।
ससुरालीजनों के माफीनामे पर तहरीर वापस ले लिया गया था। सोमवार की शाम करीब सात बजे ग्राम प्रधान ने फोन पर बहन की तबियत खराब होने की सूचना दी थी। कोतवाली देहात थाना प्रभारी विनीत उपाध्याय ने बताया मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास, ननद समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। अन्य पहलुओं पर भी छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-UPSC Result: अनूप 293 वीं और रूपम ने 725 वीं रैंक लाकर बढ़ाया बेल्हा का मान, शिवम को मिला 637 वीं रैंक