रामपुर : गर्मी बढ़ने से ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी ब्रिकी, शहर में जगह-जगह लग गए बेल-गन्ने के जूस के ठेले

रामपुर : गर्मी बढ़ने से ठंडे पेय पदार्थों की बढ़ी ब्रिकी, शहर में जगह-जगह लग गए बेल-गन्ने के जूस के ठेले

रामपुर, अमृत विचार। गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पेय पदार्थों का कारोबार बढ़ गया है। शहर में जगह-जगह आइसक्रीम, बेल और गन्ने के जूस के ठेले लग गए हैं। गर्मी बढ़ने पर लोगों ने ठंडे पेय पदार्थो का सेवन कर गर्मी से राहत पाने का प्रयास किया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 14 और 15 अप्रैल को गरज चमक के साथ वर्षा होने का अनुमान है। वर्षा होने पर शिद्दत की गर्मी से राहत मिल सकती है। 

अप्रैल की शुरुआत से ही मौसम अपने रंग दिखाने लगा है। गर्मी का प्रकोप दिनों-दिन बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक डा. उदय प्रताप शाही बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना और मौसम शुष्क रहना मौसम में बड़ा बदलाव है, गर्म हवाएं यानि लू चलना शुरू हो गई हैं। लोग शिद्दत की गर्मी से बेहाल होने लगे हैं और मौसम का मिजाज बदलते ही ठंडे पेय पदार्थो की बिक्री बूम पकड़ने लगी है।

राहे रजा और राहे मुर्तजा पर बेल का शर्बत, गन्ने का जूस और आइसक्रीम के ठेलों पर बिक्री खासी बढ़ गई है। लोगों ने  ठंडे पेय पदार्थ पीकर गर्मी से राहत पाई। गर्मी बढ़ने के पीछे की मुख्य वजह पिछले तीन से चार दिनों के दौरान तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोत्तरी है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 14 और 15 अप्रैल  को गरज-चमक के साथ वर्षा होने का अनुमान है। 

हाल-ए-मौसम

  • अधिकतम तापमान- 38 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान- 22 डिग्री सेल्सियस
  • आद्रता-    28 प्रतिशत
  • वायु वेग-    10 किमी. प्रतिघंटा

14-15 अप्रैल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित प्रदेश में तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना है। -डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ

ये भी पढ़ें : रामपुर : चाइनीज मांझे से कटी सात वर्ष के बच्चे की गर्दन, अस्पताल में भर्ती...लगे 10 टांके