अयोध्या: बंदरों का आतंक, तीन दिनों में दस से अधिक लोगों को काटा, सब्जी किसानों को भी भारी नुकसान

अयोध्या: बंदरों का आतंक, तीन दिनों में दस से अधिक लोगों को काटा, सब्जी किसानों को भी भारी नुकसान

मवई/अयोध्या, अमृत विचार। रुदौली क्षेत्र में इन दिनों बंदरों के आतंक से त्राहि मची हुई है। बंदरों के हमले में अब तक दस से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। वर्तमान में हालत यह है कि बच्चों ने गलियों में खेलना तक छोड़ दिया है। महिलाओं को छत पर कपड़े सुखाने के लिए रखवाली करनी पड़ रही है। इतना ही नहीं सब्जी किसान भी बंदरों के उत्पात से प्रभावित हो रहे हैं।

रुदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत नगरा पूरे मुरली गांव में तीन दिनों में बंदरों के काटने से 10 लोग घायल हो चुके हैं। हाल यह है कि महिलाएं व बच्चे अकेले निकलने से भी डर रहे हैं। ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार यादव ने बताया गांव की कल्लो, संजू, मिलन, लक्ष्मी, सुनीता, माया और आशीष कुमार, काजल व गुड़िया व मिथलेश को काटकर घायल कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बंदर झुंड बनाकर आते हैं। घर के अंदर घुस कर खाद्य सामग्री, कपड़े व अन्य सामान उठा ले जाते हैं। महिलाओं व बच्चों पर हमला कर देते हैं। बच्चों ने खेलना तक छोड़ दिया है।

बचाव के लिए जाली लगवाने को लोग मजबूर

भेलसर। क्षेत्र में बंदरों से बचने के लिए लोग हजारों रुपए खर्च करके लोहे के जाल लगवा रहे हैं। लोगों ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को चाहिए।वह बंदरों को पकड़वा कर इनके आतंक से छुटकारा दिलाए।इसके चलते गलियों तक में लोगों का निकला मुश्किल हो गया है। बंदरों की टोलियां घरों में घुस कर घर में रखा सामान उठा कर ले जाती हैं। 

इधर बंदरों का आतंक बढ़ रहा है। रोजाना चार से पांच केस बंदर काटे के आते हैं। उन्हें रैबीज का इंजेक्शन लगाया जाता है। इसके मरीजों की संख्या बढ़ रही है...,डाॅ एम के बरनवाल, चिकित्सक, सीएचसी रुदौली।

बंदरों के आतंक की सूचना है लेकिन ऐसे मामलों मे शासन द्वारा आदेश हुआ है कि ग्राम पंचायतों के अधिकारी देखेंगे। वन विभाग से यह मामला हट गया है..., जेपी गुप्ता, वन रेंजर, रुदौली।

यह भी पढ़ें:-संजीव बालियान का सनसनीखेज खुलासा, कल प्रचार के दौरान की गई उनकी जान लेने की कोशिश