बहराइच: हिमाचल प्रदेश में की चोरी, रूपईडीहा में पकड़े गए चोर 

एसएसबी ने 39 स्मार्ट फोन, स्मार्ट वाच और टैब किया बरामद

बहराइच: हिमाचल प्रदेश में की चोरी, रूपईडीहा में पकड़े गए चोर 

बहराइच, अमृत विचार। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में दुकान से चोरी कर नेपाल जाते समय चोरों को पकड़ लिया गया। इस आपरेशन में एसएसबी के साथ रूपईडीहा पुलिस भी शामिल रही। सभी को समान के साथ हिमाचल संस्करण की पुलिस साथ लेकर चली गई है। 

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले राजगढ़ बाजार में अरविंद इलेक्ट्रानिक की दुकान का संचालन होता है। दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने 23 मार्च को चोरी की। जिसमें 39 स्मार्ट फोन, एक स्मार्ट वाच और एक टैब शामिल है। एसएसबी के कमांडेंट पार्थ सारथी राय ने बताया कि सभी चोर समान लेकर नेपाल भागने की फिराक में रूपईडीहा सीमा पर प्रवेश करने वाले थे। इसकी जानकारी हिमाचल प्रदेश पुलिस की ओर से दी गई। साथ ही भारत नेपाल सीमा पर हिमाचल प्रदेश की पुलिस भी आ गई। 

बुधवार शाम को रूपईडीहा सीमा चौकी के एसएसबी जवानों ने बॉर्डर पर हिमाचल प्रदेश की पुलिस के साथ जांच के दौरान चार चोरों को पकड़ लिया। सभी के पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ। कमांडेंट ने बताया कि रूपईडीहा थाने में लिखापढ़ी के बाद सभी चोरों को समान के साथ हिमाचल प्रदेश की पुलिस अपने साथ लेकर चली गई है। उन्होंने बताया कि सभी चोर नेपाल राष्ट्र के निवासी हैं।

ये भी पढ़ें -लखनऊ: ऑनलाइन हाजिरी लगाएंगे सफाईकर्मी, विवरण फीड-नहीं चलेगी मनमानी