साइबर ठगी का नया तरीका: सुलतानपुर में क्यू आर कोड मांगकर व्यापारी के उड़ाए 65 हजार रुपए, केस दर्ज

साइबर ठगी का नया तरीका: सुलतानपुर में क्यू आर कोड मांगकर व्यापारी के उड़ाए 65 हजार रुपए, केस दर्ज

सुलतानपुर। लगातार पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद भी साइबर ठग नए तरीके घटना को अंजाम दे रहे हैं। इन साइबर ठगों पर पुलिस की भी खौफ नही है। पैसा भेजने के नाम पर क्यू आर कोड मांग तीन बैंक से पांच बार में 65 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।

नगर कोतवाली क्षेत्र के पयागीपुर निवासी नारायण राय की ट्रेवल्स एजेंसी है। अपने आप को आर्मी का कैप्टन बताते हुए गोरखपुर जाने के लिए दो गाड़ी बुक करने के लिए फ़ोन किया। साथ ही कितना खर्च आएगा, इसकी जानकारी मांगी तो एजेंसी संचालक ने 20 हजार 400 रुपया बताया। भुगतान करने के लिए फ़ोन पे व गूगल पे का क्यूआर कोड मांगा।

आरोप है कि तीन बैंक के खाते से साइबर ठग ने पांच बार मे 64,800 रुपए निकाल लिए। नगर कोतवाल श्री राम पांडेय ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।

विवाहिता का पंखे से लटका मिला शव

सुलतानपुर। बंधुआकला थाना क्षेत्र के अलीगंज कस्बे के व्यवसाई की पत्नी का शव पंखे से लटकता हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस कार्यवाही में जुटी है। शुक्रवार को अज्ञात कारणों से अलीगंज कस्बा निवासी रुपा (37) पत्नी कृष्ण कुमार मोदनवाल घर के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे झूलती मिली। स्कूल से घर लौटे बेटे ने मां का शव पंखे से लटकता देखा तो गुहार लगाते हुए घर के अन्य लोगों को बताया। परिजन महिला के शव को लटकता देख बदहवास हो गए।

सूचना पर पहुंचे अलीगंज चौकी इंचार्ज शिव जन्म यादव ने युवती को नीचे उतरवाया। तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। मृतक युवती की दो संताने अंश (14) व अभिनव (10) है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

आवासीय पट्टे पर प्रधान ने किया अतिक्रमण, केस दर्ज

सुलतानपुर। अतिक्रमण को लेकर सूबे के मुखिया सख्त हैै। अतिक्रमण हटाने को लेकर लगातर बुलडोजर चल रहा है। वहीं एक ग्राम प्रधान ने आवासीय पट्टे पर ही अतिक्रमण कर लिया है। लेखपाल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

कादीपुर तहसील क्षेत्र के खोजापुर के लेखपाल श्याम लाल ने कादीपुर पुलिस को तहरीर दी है। लेखपाल ने बताया है कि ग्राम पंचायत खोजापुर में नगर पंचायत के गाटा संख्या 456 के 0.177 हे. में हरखू, श्रीराम, राम जीत, इनाऊ, निर्मल, हौसिला व राम उजागिर आदि को 0.013 हे. प्रत्येक को आवासीय पट्टा दिया गया है।

इसी भूखंड से गांव का पानी निकलने एवं आवागमन के लिए खडंजा भी बना है। आरोप है कि ग्राम प्रधान सुमित्रा देवी व उनके पति विनोद कुमार द्वारा अवैध अतिक्रमण करते हुए पक्की दिवाल बना ली है। जिससे ग्रामीणों के जल निकासी के साथ रास्ता भी बंद हो गया है। आवास आवंटियो को भी बेदखल कर दिया है।

इतना ही नहीं कुम्हारों के लिए आवंटित भूमि पर शौचालय बनवा लिया है। ग्राम प्रधान व उनके पति के खिलाफ़ लेखपाल ने विधिक कार्यवाही की मांग की है। कादीपुर कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी प्रधान व उनके पति के खिलाफ़ सार्वजनिक संपत्ति निवारण अधिनियम में केस दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें: सुलतानपुर: जिसकी अधजली लाश मिली वह हरियाणा में घूम रहा था... प्रेमिका को फोन किया और फंस गया जाल में!

 

ताजा समाचार