बदायूं: घर के बाहर डाला कूड़ा, विरोध पर जान से मारने की कोशिश

बदायूं/ विजय नगला, अमृत विचार। गांव में पड़ोस में रहने वाले चार भाइयों ने एक व्यक्ति के खेत की मेड़ काट ली। उसके खेत में पानी छोड़कर गेहूं का बीज नष्ट कर दिया। शिकायत करने पर झगड़ा करने लगे। कुछ दिनों के बाद उनके घर के आगे कूड़ा डाल दिया।
विरोध किया तो व्यक्ति को घर में घुसकर मारा पीटा और अंगोछा से फंदा लगाने की कोशिश की। वहीं लाइसेंसी बंदूक की बट मारी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर आरोपी चार भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना बिनावर क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले सतीश और उनके भाइयों के खेत व्यक्ति के खेत की एक ही मेड़ है।
आरोप लगाया कि सतीश और अन्य लोग व्यक्ति के खेत में फसल को नुकसान पहुंचाते रहते हैं। आए दिन मेड़ काट देते हैं। उन्होंने अपने खेत में गेहूं की फसल की बुवाई की थी। जिसमें सतीश ने जानबूझकर पानी चला दिया। खेत में पानी भरने की वजह से खेत पर पड़ा गेहूं का बीज सड़ गया। शिकायत करने पर वह लोग झगड़ा करने पर उतारु हो गए। उस दौरान गांव के कुछ लोगों ने मामला शांत करा दिया। वह लोग रंजिश मानने लगे। 3 दिसंबर 2023 सुबह लगभग 9 बजे वह अपने घर पर थे।
सतीश ने अपने घर की ओर से कूड़ा उठाकर उनके गेट के सामने डाल दिया। विरोध करने पर सतीश और उनके तीन भाई जयपाल, बादशाह, ओमकार पुत्र रामपाल लाठी-डंडे, लाइसेंसी बंदूक लेकर उनके घर में घुस आए। कहा आज जिंदा नहीं छोड़ेंगे। आरोप है कि जयपाल ने उन्हें लाइसेंसी बंदूक की बट मारी। लाठी-डंडे और लात-घूसों से पीटा। गले में पड़े अंगोछा से गला कसके जान से मारने की कोशिश की। शोर सुनकर पीड़ित की पत्नी मौके पर आ गई।
आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा। कपड़े फाड़ दिए। गांव के अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो वह कोर्ट की शरण में गए। कोर्ट के आदेश पर आरोपी ओमकार, जयपाल, बाहशाद और सतीश के खिलाफ जान से मारने की कोशिश, अश्लीलता, जबरन घर में घुसने, मारपीट और धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढे़ं- बदायूं: गमगीन माहौल में हुआ पोस्टमार्टम, महिला जज की हैंगिंग से मौत होने की पुष्टि