अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा: ई-बसों की समय सारिणी और रूट दर्शाने को लगाएं होर्डिंग, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले तैयारियों का लिया जायजा, अफसरों संग की समीक्षा बैठक, टेंट सिटी व विभिन्न होटलों का किया भ्रमण

अयोध्या प्राण प्रतिष्ठा: ई-बसों की समय सारिणी और रूट दर्शाने को लगाएं होर्डिंग, मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या में संचालित ई-बसों की समय सारिणी व रूट की जानकारी के लिए जगह-जगह पर होर्डिंग लगाई जाएं। बसों को चलो एप से लिंक किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाए। ये निर्देश मंगलवार को प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने दिए।

वो सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। मुख्य सचिव ने अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से सभी आवश्यक जन सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पर मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि दिव्य अयोध्या एप से सभी जानकारी श्रद्धालुओं को मिल सकती है।

इससे पहले दुर्गाशंकर मिश्र ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग में विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सूचना केंद्र व गेट के बाहर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के दृष्टिगत यात्रियों के स्वागत के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने विभिन्न होटलों का निरीक्षण कर संचालकों को आतिथ्य भाव के लिए निर्देिशत किया। आवास विकास परिषद द्वारा प्रस्तावित नव्य अयोध्या टाउन शिप में पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ठहरने के लिए बनाई जाने वाली टेंट सिटी के स्थल का निरीक्षण किया।

सुरक्षा व्यवस्था की दी जानकारी 

समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त गौरव दयाल, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, आईजी प्रवीण कुमार व एसएसपी राजकरन नैय्यर ने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने शहर को सजाने और साफ सुथरा रखने के लिए बनाई गई कार्ययोजना का विस्तृत विवरण दिया। निदेशक नगर विकास राजेंद्र पेन्सिया, मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव, एमडी पर्यटन अश्विनी पांडेय, एडीआरएम रेलवे, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम... से गूंजा पूरा शहर, निकाली गई शोभायात्रा