हल्द्वानी: पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय होने से शीतकालीन बारिश में कमी 

हल्द्वानी: पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय होने से शीतकालीन बारिश में कमी 

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं मंडल में शीतकालीन बारिश कम हुई है। अल्मोड़ा जिले को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय होने से बारिश कम हुई है। 

नैनीताल जिले में 1 अक्तूबर से अभी तक 28.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य से 35 मिमी कम है। चंपावत में सामान्य से 72 प्रतिशत कम बारिश हुई है तो वहीं अल्मोड़ा में सामान्य से 18 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। कृषि के लिए पहचान रखने वाले ऊधमसिंह नगर जिले में अभी तक 5.6 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है जो सामान्य से 85 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग के अनुसार शीतकालीन बारिश में पश्चिमी विक्षोभ की अहम भूमिका होती है लेकिन पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय होने की वजह से बारिश का दौर भी कम हो रहा है। 

रबी की फसल के लिए बहुत फायदेमंद होती है बारिश 
शीतकालीन बारिश रबी की फसल के लिए काफी लाभदायक होती है। इन दिनों मुख्य फसल गेहूं की होती है। साथ ही पालक, टमाटर, मटर, धनिया जैसी सब्जियां भी खेतों में होती हैं। सर्दियों में अगर बारिश कम होती है तो इन फसलों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। 

1 अक्तूबर से अभी तक हुई बारिश 
जिला         बारिश हुई      सामान्य बारिश
अल्मोड़ा        32                 27.2
बागेश्वर         18.6               27.2 
चंपावत         13                 49.9
नैनीताल        28.9              44.7 
पिथौरागढ़     37.6              59.0
यूएस नगर     5.6               37.1 
(आंकड़े मौसम विज्ञान केंद्र देहरादू से, बारिश मिमी में)


सर्दियों के मौसम में अभी तक जो बारिश हुई है, वह कामचलाऊ ही कही जाएगी। आने वाले दिनों में और बारिश हो तो रबी की फसल के लिए लाभदायक रहेगा।
-विकेश कुमार यादव, मुख्य कृषि अधिकारी, नैनीताल

पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय होने की वजह से बारिश कम हुई है, हालांकि अभी बारिश के दौर आगे भी रह सकते हैं। मंडल के कुछ जिलों में ठीक-ठाक बारिश हुई है।
-डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, पंतनगर