यूपी की सभी 80 सीटें जीतेगी भाजपा, उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने किया दावा, कहा- राहुल से अखिलेश हजार गुना अच्छे

यूपी की सभी 80 सीटें जीतेगी भाजपा, उन्नाव सांसद साक्षी महाराज ने किया दावा, कहा- राहुल से अखिलेश हजार गुना अच्छे

उन्नाव। उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि प्रदेश में 80 की 80 सीट भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तारीफ करते हुए कहा कि राहुल गांधी से तो हजार गुना अच्छा अखिलेश है। इंडिया गठबंधन का जब वह अंग बने तो मैंने सोचा कि क्या हो गया अखिलेश को इन्होंने नशा कर लिया क्या? अखिलेश जैसा पढ़ा लिखा व्यक्ति काहे को इंडिया का अंग बन गया। अगर वह इंडिया गठबंधन का अंग नहीं होते और सारी सीटों पर चुनाव लड़ते तो यह उनका स्वतंत्र निर्णय स्वागत योग्य निर्णय है। 

साक्षी महाराज ने कहा कि वैसे तो 80 की 80 सीट भारतीय जनता पार्टी जीतेगी। मैं अखिलेश व मुलायम और उनके परिवार को बहुत अच्छी तरीके से जानता हूं। हमारा आवास उनके घर से मिला-जुला है। राहुल से तो हजार गुना अच्छा अखिलेश है। हम उनको कोई ज्ञान नहीं दे सकते लेकिन, वह हमारा सम्मान करते हैं।

सांसद ने कहा कि लोग रात में सपने देखते हैं कुछ लोगों ने दिन में सपना देखना शुरू किया है। अगले सन-2050 तक बीजेपी के अलावा केंद्र में किसी की भी सरकार बनने वाली नहीं है। 100 रुपये के स्टांप पर लिखवा लो कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। सन-2050 के बाद की बात करना तब तक तो बीजेपी को हराने वाला कोई है क्या। यह जो जितने भी इंडिया गठबंधन वाले हैं कहते हैं कि मोदी हटाओ।

इन मूर्खों से पूछो कि यह बताओ मोदी हटाकर लाओ किसको तो वे किसी का नाम नहीं बताते हैं। हमारे पास तो मोदी है। पाकिस्तान भी मोदी मांग रहा है। कितने राष्ट्र मोदी मांग रहे हैं। हमारे पास तो ऐसा कद्दावर नेता है जिसे हिंदुस्तान की जनता छोड़ना ही नहीं चाहती। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर को लेकर साक्षी ने कहा कि देखिए यह 550 साल पुरानी लड़ाई है। 22 जनवरी को अयोध्या में प्रधानमंत्री मंदिर का उद्घाटन करेंगे।