मुरादाबाद : पहले सुगम्य पुस्तकालय में अध्ययन करेंगे दिव्यांग
पहल : महानगर के दांग स्कूल में तैयार हो रहा पुस्तकालय, ब्रेल लिपि की किताबें रहेंगी, एक साथ 20 पढ़ सकेंगे

दांग स्कूल में सुगम्य पुस्तकालय संचालित करने के लिए पुस्तकों की छंटाई करते कर्मचारी।
विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। दिव्यांग जल्द ही पहले सुगम्य पुस्तकालय में पढ़कर अपना भविष्य संवार सकेंगे। महानगर के दांग स्कूल में यह पुस्तकालय बन रहा है। इसमें ब्रेल लिपि की किताबें उपलब्ध रहेंगी। जिसका निशुल्क उपयोग वह पढ़ाई में सहूलियत के लिए कर पाएंगे।
मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह और मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव की पहल पर पुस्तकालय का निर्माण शुरू है। हाल बनकर तैयार हो चुका है। इसमें ब्रेल लिपि की किताबों का भंडारण अलग-अलग रैक में रहेगा। उनके सहयोग के लिए यहां विशेष अध्यापक की तैनाती रहेगी। जो पढ़ाई में मार्गदर्शन देंगे। यह मंडल के पांचों जिलों में अपनी तरह का पहला पुस्तकालय होगा जो केवल दिव्यांगों के लिए बन रही है।
पुस्तकालय में एक साथ 20 दिव्यांग बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। उन्हें पाठ्यक्रम के अलावा अन्य उपयोगी पुस्तकें यहां पढ़ने को मिलेंगी। इस पुस्तकालय में दिव्यांगों के लिए मूलभूत सुविधाएं जैसे बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां, मेज, शौचालय और पुस्तकालय तक पहुंचने के लिए रैंप भी बनाया जा रहा है। जिससे अस्थि दिव्यांग भी यहां आसानी से पहुंच कर अपने भविष्य को रोशन कर सके।
देहरादून और दिल्ली से मंगाई गई हैं किताबें
सुगम्य पुस्तकालय में दिव्यांगों को ब्रेल लिपि की जो किताबें पढ़ने के लिए मिलेंगी उसे देहरादून और दिल्ली से मंगाई गई है। इन किताबों से दिव्यांगों को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा।
आडियो बुक से श्रवण बाधित दिव्यांग लेंगे ज्ञान
जो दिव्यांग सुनने में अक्षम होंगे उनके लिए आडियो बुक पुस्तकालय में रहेगा। साथ ही दृष्टि बाधित और श्रवण बाधित दिव्यांगों को भी लाइब्रेरी में पेंटिंग आदि करने के लिए अवसर मिलेगा। इसके लिए अलग से कंप्यूटर लगा है।
पुस्तकालय में दिव्यांगों के लिए ब्रेल लिपि की किताबें रहेंगी। इसके अलावा मूलभूत सुविधाएं भी मिलेंगी। इसमें एक साल 20 दिव्यांग पढ़ाई कर सकेंगे। यह पुस्तकालय निशुल्क है। इस पुस्तकालय का बहुत जल्द उद्घाटन होगा। -बुद्धप्रिय सिंह, एडी बेसिक शिक्षा
मंडलायुक्त, जिलाधिकारी की प्रेरणा से दांग स्कूल में सुगम्य पुस्तकालय दिव्यांगों के लिए बनकर लगभग तैयार है। अगले सप्ताह इसका उद्घाटन होने की उम्मीद है। इस पुस्तकालय में दिल्ली और देहरादून से मंगाई गई ब्रेललिपि की किताबों के अलावा 2 लाख रुपये के कंप्यूटर से आडियो बुक का भी प्रबंध है। -सुमित यादव, मुख्य विकास अधिकारी
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के दोषी डीएम, एसपी की गिरफ्तारी की मांग