अल्मोड़ा: घर से बाजार को निकले भाई-बहन के शव सुयाल नदी में मिले

अल्मोड़ा: घर से बाजार को निकले भाई-बहन के शव सुयाल नदी में मिले

अल्मोड़ा, अमृत विचार। सुयाल नदी में सगे भाई बहन के शव मिलने से यहां हड़कंप मचा हुआ है। दोनों भाई-बहन सोमवार को घर से अल्मोड़ा बाजार के लिए निकले थे। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। जिसके बाद उनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। देर रात सर्विलांस की मदद से दोनों के शव सुयाल नदी से बरामद किए गए। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नगर से लगे ग्राम बख निवासी 17 वर्षीय आदित्य नेगी व उसकी बहन भावना नेगी (16) सोमवार की दोपहर घर से बाजार के लिए निकले थे। शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन की। लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद मृतकों के किसी रिश्तेदार ने रात करीब 8 बजे कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।

नाबालिगों के लापता होने की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने उनकी मोबाइल लोकेशन ट्रैस की। लोकेशन सुयाल नदी में विश्वनाथ के आस पास की मिली। जिसके बाद सीओ सदर विमल प्रसाद, कोतवाल अरूण कुमार, धारानौला चौकी इंचार्ज दिनेश परिहार पुलिस टीम के साथ विश्वनाथ पहुंचे। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से सुयाल नदी में सर्च आपरेशन चलाया।

विश्वनाथ पुल से करीब एक किमी की दूरी पर नदी किनारे किशोर के कपड़े, एक तौलिया व एक नई घड़ी पुलिस ने बरामद किए। जिसके बाद एसडीआरएफ व पुलिस ने उसी स्थान पर सर्च आपरेशन चलाया तो रात करीब एक बजे किशोर का शव मिला। कुछ ही देर बाद किशोरी का शव भी बरामद हो गया।

कोतवाल अरूण कुमार ने बताया कि सर्च आपरेशन के दौरान किशोर के कपड़े नदी किनारे मिले। जिससे प्रतीत हो रहा है कि वह नहाने के लिए नदी में गया होगा। भाई को डूबते देख उसकी बहन बचाने के लिए नदी में कूदी होगी और दोनों की डूबकर मौत हो गई।

हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही मौत के सही कारण सामने आएंगे। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसरा हुआ है। आदित्य व भावना के पिता प्रकाश नेगी की पूर्व में मौत हो चुकी है। मृतकों का एक बड़ा भाई है।

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: 8 जिलों में तेज गर्जन के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, राज्य की 43 सड़कें बंद